छत्तीसगढ़

कमल वर्मा पुनः फेडरेशन के निर्विरोध संयोजक निर्वाचित

Nil dhankar
14 April 2025 8:25 AM IST
कमल वर्मा पुनः फेडरेशन के निर्विरोध संयोजक निर्वाचित
x

रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की प्रांतीय बैठक रायपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में आयोजित की गई। इस प्रांत स्तरीय आमसभा में कमल वर्मा को पुनः निर्विरोध रूप से फेडरेशन का संयोजक चुना गया। फेडरेशन के प्रांतीय प्रवक्ता चंद्रशेखर तिवारी एवं जी. आर. चंद्रा ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आमसभा में कमल वर्मा ने अपने बीते पांच वर्षों के कार्यकाल में कर्मचारी हित में किए गए कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ईमानदार एवं समर्पित साथियों के सहयोग से फेडरेशन ने राज्य में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, केंद्र के समान महंगाई भत्ता, सातवें वेतनमान के अनुरूप गृह भाड़ा भत्ता जैसे कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।

फेडरेशन के सचिव राजेश चटर्जी ने प्रबंध कार्यकारिणी के निर्णयों को आमसभा में अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया। इसमें सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के लिए एक प्रकोष्ठ गठित करने एवं बी. पी. शर्मा को उसका संयोजक नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया। इसके साथ ही, प्रांतीय संयोजक के पद पर पुनः कमल वर्मा को नियुक्त करने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिसे विभिन्न संगठनों के प्रांतीय अध्यक्षों एवं सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। इस प्रकार कमल वर्मा एक बार फिर फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक निर्वाचित हुए।

Next Story