छत्तीसगढ़
राठी गोदाम के पास चल रहा था काट-पत्ती जुआ, 6 जुआरी गिरफ्तार
Shantanu Roy
4 Sept 2026 3:07 PM IST

x
छग
Dhamtari. धमतरी। जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जालमपुर स्थित राठी गोदाम के पास चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर 6 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 55 हजार 650 रुपए नगद और 52 पत्ती ताश बरामद की है। पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि जालमपुर स्थित राठी गोदाम के सामने कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर काट-पत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर योजना बनाकर घेराबंदी की। पुलिस की अचानक कार्रवाई से जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। मौके से 6 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया। सभी आरोपी जुआ खेलते हुए रंगे हाथ मिले। पुलिस ने उनके कब्जे और जुआ फड़ से कुल 55,650 रुपए नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की।
मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 211/26 के तहत धारा 3(2) जुआ एक्ट में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सकील अहमद (26 वर्ष), निवासी मकेश्वर वार्ड धमतरी, गोपाल साहू (32 वर्ष), निवासी इतवारी बाजार धमतरी, दीपक कोसरिया (26 वर्ष), निवासी महंत घासीदास वार्ड धमतरी शामिल हैं।
इसके अलावा अजमद हुसैन (35 वर्ष), निवासी बड़े मस्जिद क्षेत्र धमतरी, सुनील मेश्राम (26 वर्ष), निवासी रामसागर पारा धमतरी और दुर्गेश्वर (35 वर्ष), निवासी पोस्ट ऑफिस वार्ड धमतरी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं जुआ, सट्टा या अन्य गैरकानूनी गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जुआ खेलने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि आगामी दिनों में भी जिलेभर में इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Next Story





