छत्तीसगढ़

दुर्ग से बाल अपराधी फरार, 10 फीट ऊंची दीवार कूदे

Nilmani Pal
3 Nov 2025 3:23 PM IST
दुर्ग से बाल अपराधी फरार, 10 फीट ऊंची दीवार कूदे
x
छग

दुर्ग। शहर के पुलगांव स्थित बाल संप्रेषण गृह (बाल सुधार गृह) से देर रात तीन आपचारिक (अपराध में संलिप्त) बालक फरार हो गए। बताया जा रहा है कि ये तीनों बालक गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त थे और न्यायालय के आदेश पर उन्हें बाल संप्रेषण गृह में रखा गया था। घटना रविवार देर रात की है, जब तीनों बालक 10 फीट ऊंची दीवार फांदकर संस्थान से भाग निकले। घटना का पता चलने के बाद बाल सुधार गृह प्रबंधन ने तत्काल मामले की सूचना बाल संरक्षण विभाग और पुलगांव पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और फरार बालकों की तलाश के लिए विशेष टास्क टीम गठित की गई है।

दुर्ग शहर एएसपी सुखनंदन राठौर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलगांव स्थित बाल संप्रेषण गृह से विधि से संघर्षरत बालक फरार हो गए हैं। इसकी सूचना थाने को दी गई है। उनके खिलाफ पहले से अपराध पंजीबद्ध हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस की अलग टीम लगाई गई है और लगातार पतासाजी की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान शुरू किया है। यह भी जांच की जा रही है कि फरार होने में किसी बाहरी व्यक्ति की मदद तो नहीं ली गई। बाल संप्रेषण गृह प्रशासन से भी पुलिस ने घटना के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।


Next Story
null