छत्तीसगढ़

सोशल मीडिया पर पत्रकारों को दी गई धमकी, एसपी से की गई शिकायत

Nil dhankar
26 Feb 2026 5:01 PM IST
सोशल मीडिया पर पत्रकारों को दी गई धमकी, एसपी से की गई शिकायत
x

बलरामपुर। जिले के पत्रकारों ने सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी एवं धमकी दिए जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। पत्रकारों के अनुसार 14 दिसम्बर 2025 को सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर समाचार प्रसारित किया गया था। उक्त वीडियो में भगवतपुर गांव निवासी समसुद्दीन अंसारी द्वारा तत्कालीन कुशमी एसडीएम करुण डहरिया के विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी की गई थी। वायरल वीडियो के तथ्यात्मक आधार पर जिले के विभिन्न समाचार चैनलों एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर खबर प्रकाशित की गई थी।

आरोप है कि समाचार प्रकाशित होने से आक्रोशित होकर समसुद्दीन अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (फेसबुक आदि) के माध्यम से एक न्यूज चैनल एवं उसके एंकर सहित पत्रकारों के विरुद्ध अभद्र, अमर्यादित एवं असत्य आरोप लगाते हुए पोस्ट और वीडियो प्रसारित किए, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं। पत्रकारों का कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणियों से उनकी व्यक्तिगत एवं संस्थागत छवि को गंभीर क्षति पहुंच रही है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्ति की गतिविधियों को देखते हुए पत्रकारों को अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका है, क्योंकि वे समाचार संकलन के सिलसिले में जिले भर में भ्रमण करते रहते हैं।

पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले में भारतीय दंड संहिता एवं आईटी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। शिकायत के साथ डिजिटल साक्ष्य भी संलग्न किए गए हैं।

Next Story