छत्तीसगढ़

जनपद पंचायत घूसकांड की खबर के बाद पत्रकार को धमकी, एसपी से शिकायत

SHIDDHANT
13 May 2026 8:59 PM IST
जनपद पंचायत घूसकांड की खबर के बाद पत्रकार को धमकी, एसपी से शिकायत
x
छत्तीसगढ़
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में जनपद पंचायत गौरेला से जुड़े कथित रिश्वतखोरी मामले की खबर प्रकाशित होने के बाद एक पत्रकार को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पत्रकार गौरव जैन ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 10 मई 2026 को जनपद पंचायत गौरेला में पदस्थ तकनीकी सहायक तरुण ताम्रकार से जुड़े कथित घूसकांड पर समाचार प्रकाशित किया गया था। यह खबर शिकायतकर्ता हेतराम राठौर द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेज, आवेदन और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर तैयार की गई थी। मामले में पशु शेड मूल्यांकन के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाए गए थे।
पत्रकार का आरोप है कि खबर प्रकाशित होने के बाद उन्हें लगातार फोन कर दबाव बनाया गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश की गई। शिकायत में कहा गया है कि एक मोबाइल नंबर से कॉल कर खुद को तरुण ताम्रकार का बड़ा भाई तुषार ताम्रकार बताने वाले व्यक्ति ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पत्रकार गौरव जैन ने आवेदन में कहा है कि प्रकाशित समाचार उपलब्ध तथ्यों और वीडियो साक्ष्यों पर
आधारित
था। यदि किसी पक्ष को आपत्ति थी तो वे कानूनी प्रक्रिया अपना सकते थे, लेकिन धमकी और डर का माहौल बनाना गंभीर मामला है। शिकायत में संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच और कॉल डिटेल निकालने की मांग भी की गई है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। मामले के सामने आने के बाद पत्रकार सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
Next Story