छत्तीसगढ़

छपरीगंज और काफरमार में संयुक्त टीम की दबिश, 46 क्विंटल धान पकड़ा

Shantanu Roy
24 Nov 2026 8:33 PM IST
छपरीगंज और काफरमार में संयुक्त टीम की दबिश, 46 क्विंटल धान पकड़ा
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध धान भंडारण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ जिला प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच दल ने खरसिया क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 115 कट्टी यानी 46 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया है। दोनों मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। प्रशासन द्वारा कोचियों और बिचौलियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। धान खरीदी व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता न हो और वास्तविक किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ मिले, इसके लिए जिलेभर में जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिले के विभिन्न तहसील क्षेत्रों में सक्रिय हैं। अधिकारियों द्वारा गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान अवैध भंडारण सहित अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में खरसिया क्षेत्र में मंडी एवं राजस्व विभाग की संयुक्त जांच टीम ने दो अलग-अलग स्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों स्थानों पर बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित धान पाया गया। संयुक्त टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पहला मामला खरसिया के छपरीगंज क्षेत्र का है। यहां संयुक्त जांच दल ने स्थानीय निवासी विक्की अग्रवाल के यहां निरीक्षण किया। जांच के दौरान 45 कट्टी धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया, जिसका कुल वजन 18 क्विंटल बताया गया है। जांच दल ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।

इसी तरह संयुक्त जांच टीम ने खरसिया क्षेत्र के काफरमार स्थित वरुण तिवारी के व्यापारिक प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां जांच के दौरान 70 कट्टी यानी 28 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। इस मामले में भी जांच दल ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई में कुल 115 कट्टी धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया, जिसका कुल वजन 46 क्विंटल है। जिला प्रशासन की ओर से धान खरीदी के दौरान अवैध गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था का प्रमुख उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का निर्धारित मूल्य उपलब्ध कराना है।

ऐसे में कोचियों और बिचौलियों द्वारा अवैध रूप से धान का भंडारण, परिवहन और विक्रय खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता को प्रभावित कर सकता है। इन्हीं गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें मैदानी स्तर पर कार्रवाई कर रही हैं। जिला प्रशासन द्वारा धान उपार्जन प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाए रखने के लिए विभिन्न तहसील क्षेत्रों में निगरानी जारी है। व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान भंडारण केंद्रों की जांच के माध्यम से अनियमितताओं पर रोक लगाने का प्रयास किया जा रहा है। खरसिया में दो स्थानों पर हुई कार्रवाई से अवैध धान भंडारण करने वालों को प्रशासन ने सख्त संदेश दिया है। जिलेभर में कोचियों और बिचौलियों की गतिविधियों पर निगरानी तथा नियमानुसार कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है।
Next Story