छत्तीसगढ़

ज्वाइनिंग लेटर और 1 लाख की ठगी, ठग फरार

Nil dhankar
12 Oct 2025 6:07 PM IST
ज्वाइनिंग लेटर और 1 लाख की ठगी, ठग फरार
x

रायगढ़। एक युवक से नौकरी लगाने के नाम पर 1 लाख रुपए की ठगी की गई। आरोपी ने पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लाख रुपए की मांग की थी। एक सप्ताह में ज्वाइनिंग लेटर देने का वादा किया। लेकिन दो महीने बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी लगी और न ही पैसे लौटाए गए। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, किरोड़ीमल नगर निवासी किशन चंद्रा (31) पिछले कुछ महीनों से नौकरी की तलाश में था। उसे पता चला कि बरमकेला क्षेत्र के ग्राम पड़कीपाली निवासी कैलाश यादव ने ईतवारी बाजार में ‘जीवनधन रोजगार ऑफिस’ नाम से एक संस्थान खोल रखा है, जो बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का दावा करता है।

किशन ने जब उससे संपर्क किया तो कैलाश ने कहा कि, वह डाक विभाग (Post Office) में MTS (मल्टी टास्किंग स्टाफ) के पद पर नौकरी लगवा सकता है। इसके लिए उसने 2 लाख रुपए की मांग की। कैलाश यादव ने किशन को भरोसा दिलाया कि वह कई लोगों को नौकरी लगवा चुका है। उसकी नौकरी भी पक्की है। उसकी बातों पर भरोसा करते हुए किशन ने 25 जुलाई को 1 लाख रुपए कैश दे दिए। आरोपी ने वादा किया कि 7 दिनों के भीतर ज्वाइनिंग लेटर मिल जाएगा। लेकिन दो महीने बीत जाने के बाद भी न तो कोई लेटर आया, न नौकरी की खबर मिली।

किशन ने जब अपने पैसे वापस मांगने की बात कही, तो आरोपी कैलाश यादव ने लगातार टालमटोल करना शुरू कर दिया। इसके बाद किशन को समझ आ गया कि उसके साथ ठगी हुई है। जिसके बाद उसने शनिवार को कोतवाली थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Next Story