छत्तीसगढ़
खम्हरिया में ज्वेलर्स चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
27 Jun 2026 11:27 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसीसीयू और सीपत थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन मुख्य आरोपियों सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें चोरी का माल खरीदने वाला आरोपी भी शामिल है। पुलिस के अनुसार यह घटना 20 फरवरी 2026 की है, जब रमेश ज्वेलर्स के संचालक विभूति विनय सोनी ने दुकान बंद करते समय सोने-चांदी के जेवर और नकदी को दो बैग में रखा था। इसी दौरान चेहरा ढके एक बदमाश ने बैग और टिफिन थैला उठाकर फरार हो गया, जबकि बाहर दो साथी मोटरसाइकिल पर पहले से मौजूद थे। तीनों आरोपी मौके से भाग निकले थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एसीसीयू और सीपत थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने जांच के दौरान 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लगातार सुराग जुटाए। लंबे प्रयासों के बाद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। जांच के दौरान 4 जून 2026 को एक अन्य मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में इस ज्वेलर्स चोरी का खुलासा हुआ। आरोपियों की पहचान खुशीराम साहू (65), मनीष उर्फ राहुल मंडल (30) और राजाराम साहू (25) के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी के बाद सोने-चांदी के जेवर आपस में बांट लिए थे। इनमें से कुछ जेवर ग्राम सेल निवासी दीपक वर्मा (42) को बेचे गए, जिसे पुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके पास से चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं। वहीं राजाराम साहू के कब्जे से चांदी की पायल और दो सोने के टॉप्स बरामद हुए हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 10 BF 2654) को भी ग्राम मड़ई के श्मशान घाट के पास झाड़ियों से जब्त कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मनीष उर्फ राहुल मंडल चोरी की संपत्ति और एक देशी कट्टा लेकर बिहार जाने की फिराक में था, जहां उसे देवघर रेलवे स्टेशन पर एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले में तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार किया गया। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 6.80 लाख रुपये आंकी गई है, जिसमें 2.88 किलोग्राम चांदी और 13.30 ग्राम सोने के जेवर शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि इस तरह के संगठित अपराधों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tagsबिलासपुरखम्हरियारमेश ज्वेलर्सज्वेलरी चोरीसीपत थानाएसीसीयूसोने चांदी चोरीचोरी का खुलासाचार आरोपी गिरफ्तार6.80 लाख बरामदसीसीटीवी जांचखुशीराम साहूमनीष मंडलराजाराम साहूदीपक वर्मामोटरसाइकिल बरामदन्यायिक रिमांडसंगठित चोरी गिरोहCG 10 BF 2654बिलासपुर पुलिसचोरी माल बरामदBilaspurKhamhariaRamesh Jewellersjewellery theftSipat police stationACCUgold and silver thefttheft revealedfour accused arrestedRs 6.80 lakh recoveredCCTV investigationKhusiram SahuManish MandalRajaram SahuDeepak Vermamotorcycle recoveredjudicial remandorganised theft gangBilaspur policestolen goods recovered
Next Story





