छत्तीसगढ़

ज्वेलरी दुकान चोरी का 15 दिन में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
4 Sept 2025 10:07 PM IST
ज्वेलरी दुकान चोरी का 15 दिन में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी पुलिस ने मंदिरहसौद थाना क्षेत्र की ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 369/25 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

कैसे हुई चोरी
मामला 19 अगस्त 2025 की रात का है। प्रार्थी सुखनंदन कोसले, जो चंदखुरी फार्म रोड पर मिशा ज्वेलर्स नाम से दुकान चलाते हैं, रोजाना की तरह रात 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह लगभग 5:30 बजे गांव के एक युवक रोशन देवांगन ने फोन कर सूचना दी कि उनकी दुकान का शटर और कांच का दरवाजा टूटा हुआ है। सुखनंदन जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि शटर उठा हुआ है, कांच का दरवाजा टूटा हुआ है और दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा है। दराज चेक करने पर पता चला कि सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम चोरी हो गई है। इसके बाद उन्होंने थाना मंदिरहसौद में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस की तत्परता और जांच
ज्वेलरी दुकान में चोरी की खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने इसे गंभीरता से लिया। मामले की जांच के लिए एएसपी नया रायपुर विवेक शुक्ला, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, सीएसपी माना लम्बोदर पटेल, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा मंदिरहसौद थाना पुलिस को टीम बनाकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। संयुक्त टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी व आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ की। साथ ही आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों की मदद से अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने चोरी के पुराने आरोपियों और हाल ही में जेल से छूटे लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इस चोरी में खम्हारडीह क्षेत्र के कचना बीएसयूपी कॉलोनी निवासी कुछ युवक शामिल हैं।

गिरफ्तारी और खुलासा
पुलिस ने सबसे पहले रेवा उर्फ भक्कू देवार (19 वर्ष) को पकड़ा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात कबूल की और अपने साथियों विकास उर्फ लोचा देवार (19 वर्ष), अज्जू देवार (18 वर्ष) और बुधारू उर्फ गुट्टी सोनवानी (18 वर्ष) का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। चारों ने मिलकर दुकान का ताला तोड़कर शटर उठाया और अंदर घुसकर जेवर और नगदी चुरा ली थी।

बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, नगदी रकम, घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन और लोहे का रॉड जब्त किया। जब्त किए गए माल की कुल कीमत लगभग 90,000 रुपये है।

गिरफ्तार आरोपी
रेवा उर्फ भक्कू देवार पिता गब्बर देवार, उम्र 19 वर्ष, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी कचना, थाना खम्हारडीह, रायपुर।
विकास उर्फ लोचा देवार पिता सोनी देवार, उम्र 19 वर्ष, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी कचना, थाना खम्हारडीह, रायपुर।
अज्जू देवार पिता गोदो देवार, उम्र 18 वर्ष, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी कचना, थाना खम्हारडीह, रायपुर।
बुधारू उर्फ गुट्टी सोनवानी पिता जय सोनवानी, उम्र 18 वर्ष, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी कचना, थाना खम्हारडीह, रायपुर।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक आशीष यादव (थाना प्रभारी मंदिरहसौद), निरीक्षक परेश कुमार पांडेय (प्रभारी, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट), सउनि गेंदुराम नवरंग, प्रआर कृपासिंधु पटेल, संतोष वर्मा, वीरेन्द्र भार्गव, जसवंत सोनी, आर धनंजय गोस्वामी, प्रकाश पात्रे, संजय मरकाम, अमित घृतलहरे, लक्ष्मी नारायण साहू, मुनीर रजा, अविनाश टंडन, तुकेश निषाद और अनिल राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story