छत्तीसगढ़

ज्वेलरी दुकान में चोरी का प्रयास नाकाम, तीन नाबालिग पकड़े गए

Shantanu Roy
5 Nov 2025 7:39 PM IST
ज्वेलरी दुकान में चोरी का प्रयास नाकाम, तीन नाबालिग पकड़े गए
x
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। जिले के मानपुर क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी चोरी की वारदात टल गई। बस स्टैंड मानपुर स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स की दुकान में चोरी का प्रयास कर रहे तीन नाबालिगों को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। तीनों बालक योजनाबद्ध तरीके से दुकान का ताला तोड़ने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वारदात विफल हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 1 और 2 नवंबर की दरम्यानी रात की है। मानपुर बस स्टैंड के पास स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स की दुकान में चोरी की साजिश रचने पहुंचे तीन नाबालिग हाथों में ग्लब्स, चेहरों पर हड्डी वाला मास्क और मफलर लगाए हुए थे ताकि उनकी पहचान न हो सके। उनके पास से चोरी में इस्तेमाल करने के लिए हथौड़ी और छैनी भी बरामद की गई है। पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर पड़ी, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों को दबोच लिया।

पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी दल्लीराजहरा के रहने वाले हैं और उन्होंने दो-तीन दिन पहले ही दुकान की रेकी कर ली थी। इसके बाद तय योजना के तहत वे रात में चोरी को अंजाम देने पहुंचे थे। थाना प्रभारी मानपुर बृजेश सिन्हा ने बताया कि पुलिस पेट्रोलिंग टीम की सतर्कता और तेज कार्रवाई से चोरी की बड़ी वारदात होने से बच गई। यदि पुलिस कुछ देर से पहुंचती, तो दुकान से लाखों रुपये के गहनों की चोरी हो सकती थी। तीनों नाबालिगों को मौके से गिरफ्तार कर थाने लाया गया और उनके खिलाफ विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी बालक "विधि से संघर्षरत" की श्रेणी में आते हैं, इसलिए आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इन नाबालिगों के पीछे कोई गिरोह या वयस्क व्यक्ति शामिल था, जिसने उन्हें चोरी के लिए प्रेरित किया हो। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि देर रात की गश्त ने एक संभावित बड़ी वारदात को रोका है। वहीं, इस घटना के बाद से व्यापारी वर्ग में भी राहत की भावना है। मानपुर पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त को और सख्त करने के निर्देश दिए हैं ताकि त्योहारी सीजन में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Next Story