छत्तीसगढ़

भिलाई में फ़ैल रहा पीलिया, लोगों में दहशत का माहौल

Shantanu Roy
31 Aug 2024 5:41 PM GMT
भिलाई में फ़ैल रहा पीलिया, लोगों में दहशत का माहौल
x
छग
भिलाई। भिलाई नगर निगम के जोन-2 के वार्ड क्रमांक 21 में 5 बच्चे पीलिया की चपेट में आ गए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि, पार्षद और निगम के अधिकारी यहां आते ही नहीं हैं। साफ-सफाई नहीं होने की वजह से यह बीमारी फैली है। दरअसल, वार्ड 21 में बिजली ऑफिस के सामने सड़क से एरिया में कई महीनों से नालियों की साफ-सपाई नहीं होने से वहां गंदगी बजबजा रही है। लगातार गंदे पानी का जमाव होने से वहां लगे हैंडपंप का पानी संक्रमित हो गया। जैसे ही उस हैंडपंप का संक्रमित पानी मोहल्ले के लोगों ने पिया वो पीलिया की चपेट में आ गए। एक ही मोहल्ले से 5 बच्चों को पीलिया होने की खबर जैसे ही निगम को मिली, तो
अधिकारी पहुंच गए।


उन्होंने सक्शन मशीन मंगवाकर नाली का गंदा पानी खिंचवाया। इसके बाद नाली में जमा गंदगी को बाहर निकाला गया। साथ ही एक दूसरी टीम उन घरों में पहुंची, जिनके बच्चों को पीलिया हुआ है। सभी जानकारी लेने के बाद उन्हें दवा दी गई। मोहल्ले के निवासी जाकिर खान ने बताया कि, उसका भतीजा, उसके पड़ोसी और घर के पीछे 3 बच्चों की तबीयत खराब है। सभी को पीलिया हुआ है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह बीमारी सफाई ना होने की वजह से हो रही है। शिकायत करने के बाद आज निगम के अधिकारी और पार्षद सिर्फ दिखावा करने आए हैं। उसके बाद फिर से वहीं हाल हो जाएगा। पार्षद नेहा साहू का कहना है कि, उन्हें पीलिया फैलने की जानकारी सुबह ही मिली है। उनका कहना है कि पीलिया जो फैला है, वो सप्लाई के संक्रमित पानी की वजह से हुआ है। रही बात साफ सफाई की तो उसकी शिकायत निगम में की गई है। यहां सबसे बड़ी समस्या पानी ठहरने की है, उसके लिए प्रयास किया जा रहा है।
Next Story