छत्तीसगढ़

भिलाई सेक्टर-7 में पीलिया का प्रकोप फिर बढ़ा, 15 नए मरीज मिले, 2 ICU में भर्ती

Shantanu Roy
9 Jun 2026 7:46 PM IST
भिलाई सेक्टर-7 में पीलिया का प्रकोप फिर बढ़ा, 15 नए मरीज मिले, 2 ICU में भर्ती
x
छग
Bhilai. भिलाई। टाउनशिप क्षेत्र के सेक्टर-7 में एक बार फिर पीलिया का प्रकोप सामने आया है। करीब एक महीने पहले इसी क्षेत्र में लगभग 50 लोग पीलिया की चपेट में आए थे, और अब फिर से 15 नए मरीजों की पहचान हुई है। इनमें दो मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने प्रभावित क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वे अभियान शुरू किया है। जानकारी के अनुसार, सेक्टर-7 के स्ट्रीट नंबर 40, 41 और 43 में
नए मरीज
सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों के इलाज और निगरानी में जुटी हुई है।

अधिकारियों के मुताबिक, गंभीर रूप से प्रभावित दो मरीजों का इलाज आईसीयू में चल रहा है, जबकि अन्य मरीजों का सामान्य उपचार किया जा रहा है। पीलिया के लगातार बढ़ते मामलों से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। रहवासियों ने टाउनशिप के स्टेट ऑफिस पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और पेयजल पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत की मांग की है। लोगों का आरोप है कि पुरानी और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के कारण घरों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे संक्रमण फैल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। स्थिति को देखते हुए जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे के नेतृत्व में सिविल अस्पताल सुपेला की टीम, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और मितानिनों ने क्षेत्र का निरीक्षण किया।

टीम ने घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की और उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को स्वच्छ पानी पीने, पानी को उबालकर उपयोग करने और साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में निगरानी लगातार जारी है और जल स्रोतों की जांच की जा रही है, ताकि संक्रमण के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। विभागीय जानकारी के अनुसार, 8 जून को किए गए संयुक्त सर्वे में कोई नया सक्रिय मरीज नहीं मिला था, लेकिन इसके बावजूद नए मामले सामने आने से सतर्कता और बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित क्षेत्र में जल्द ही आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
Next Story