छत्तीसगढ़

जशपुर की खराब सड़कों का होगा पुनर्निर्माण, डिप्टी CM अरुण साव ने दिए निर्देश

SHIDDHANT
29 Aug 2026 10:21 PM IST
जशपुर की खराब सड़कों का होगा पुनर्निर्माण, डिप्टी CM अरुण साव ने दिए निर्देश
x
छग
Jashpurnagar जशपुरनगर लगातार बारिश के कारण जशपुर और सरगुजा संभाग में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान सड़कों के रखरखाव और जरूरी मरम्मत का काम लगातार जारी है। बारिश का मौसम खत्म होते ही सड़कों के निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी। इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव शनिवार को जशपुर में आयोजित अखिल भारतीय फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उनसे जशपुर और सरगुजा संभाग की खराब सड़कों को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि इस बार अत्यधिक बारिश से कई सड़कों को नुकसान पहुंचा है। मौसम साफ होने के बाद बड़े स्तर पर निर्माण और पुनर्निर्माण कार्य कराए जाएंगे।
जशपुर जिले में कई प्रमुख मार्गों की खराब स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही हैं। इनमें कोतबा-बागबहार मार्ग, चराईडांड़-बतौली स्टेट हाईवे के भीतघरा क्षेत्र और बगीचा-बतौली मार्ग प्रमुख हैं। इसके अलावा तपकरा-फरसाबहार और लुड़ेग-बागबहार मार्ग की बदहाली की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। बारिश के कारण सड़कों पर बने गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से और खराब हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले अंबिकापुर की खराब सड़कों का मुद्दा भाजपा प्रदेश महामंत्री पवन साय ने भी उठाया था। उन्होंने अधिकारियों और वित्त मंत्री ओपी चौधरी से चर्चा कर तत्काल गड्ढे भरने की मांग की थी। इसके बाद कुछ स्थानों पर गिट्टी डालकर अस्थायी राहत देने का काम शुरू किया गया।
अब बारिश थमने के बाद स्थायी सड़क निर्माण और पुनर्निर्माण पर लोगों की नजर है।
Next Story