
x
छत्तीसगढ़
Chhattisgarh. छत्तीसगढ़: जांजगीर-चांपा जिले में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता (ईई) शशांक सिंह को वायरल ऑडियो मामले में राज्य शासन ने सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है, जिसमें उनके खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए थे। वायरल ऑडियो में ईई शशांक सिंह पर ड्राइवर से गाली-गलौज करने, धमकी देने और वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप लगे हैं। मामले के सामने आने के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने इसकी जांच कराई और रिपोर्ट शासन को भेजी, जिसके बाद निलंबन का आदेश जारी किया गया।
आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में शशांक सिंह का मुख्यालय रायपुर स्थित जल संसाधन विभाग कार्यालय निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। यह मामला अकलतरा एसडीएम कार्यालय और जल संसाधन विभाग के बीच लंबे समय से चल रहे प्रशासनिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, एक ड्राइवर की नियुक्ति और कार्यमुक्ति को लेकर विभाग और एसडीएम कार्यालय के बीच मतभेद थे, जिसके चलते कई महीनों से वेतन संबंधी विवाद भी चल रहा था।
बताया जा रहा है कि ड्राइवर और विभाग की एक महिला कर्मचारी के बीच विवाद के बाद यह पूरा मामला और बढ़ गया, जिसके बाद फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया। ऑडियो में कथित तौर पर ईई द्वारा ड्राइवर को धमकी देने, ट्रांसफर कराने की बात कहने और वरिष्ठ अधिकारियों पर टिप्पणी करने जैसी बातें सामने आई थीं। वायरल होने के बाद प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और अंततः निलंबन की कार्रवाई की गई।
Next Story





