छत्तीसगढ़

जन सहयोग संस्था ने अज्ञात मृतक का किया अंतिम संस्कार

Shantanu Roy
4 Feb 2023 6:17 PM GMT
जन सहयोग संस्था ने अज्ञात मृतक का किया अंतिम संस्कार
x
छग
कांकेर। शनिवार को शहर की समाज सेवी संस्था जन सहयोग द्वारा दुर्घटना से मृत एक अज्ञात व्यक्ति के शव का अंतिम संस्कार किया गया। समाजसेवी संस्था द्वारा किए गए अज्ञात व लावारिस शवों का यह 133वां अंतिम संस्कार है। इस संबंध में संस्था जन सहयोग के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने बताया कि गोविंदपुर में एक अज्ञात व्यक्ति के दुर्घटनाग्रस्त होकर पड़े होने का समाचार मिला था। जिसे पुलिस पेट्रोलिंग वाहन द्वारा कांकेर अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की किसी भी नजदीकी रिश्तेदारी अथवा नाम पता तक नहीं मालूम हो सका। आसपास के थानों को सूचना दी गई और 4 फरवरी तक इंतज़ार किया गया।
तत्पश्चात स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जनसहयोग संस्था को लावारिस लाश के अंतिम संस्कार करने अनुरोध किया गया। जिसे स्वीकार करते हुए उक्त समाज सेवी संस्था के लोगों ने नायब तहसीलदार, स्थानीय पुलिस तथा अन्य लोगों की उपस्थिति में विधि विधान से मृतक का अंतिम संस्कार किया। जन सहयोग संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा विकास जैन नायब तहसीलदार कांकेर, आत्माराम सिन्हा ए एस आई ,शैलेंद्र शोरी, कुंदन मंडावी, संदीप शोरी, नितेश जुर्री, विष्णु जुर्री, आशुल भान्कर आदि ने अंतिम संस्कार में महत्वपूर्ण सहयोग दिया । संस्था द्वारा किए गए इस पुण्य कार्य की शहर वासियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की है।
Next Story