छत्तीसगढ़

जल जीवन मिशन: जल परीक्षण व जल संरक्षण को लेकर व्यापक हुआ जनजागरूकता अभियान

Shantanu Roy
21 Jan 2026 9:49 PM IST
जल जीवन मिशन: जल परीक्षण व जल संरक्षण को लेकर व्यापक हुआ जनजागरूकता अभियान
x
छग
North Bastar Kanker. उत्तर बस्तर कांकेर। छत्तीसगढ़ रजत जयंती के अवसर पर कांकेर जिले के विभिन्न ग्रामों में जल जीवन मिशन के तहत जल गुणवत्ता परीक्षण एवं जल संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम माटवाडा मोदी एवं आतुरगांव में जल बहिनी, ग्रामवासियों एवं स्कूल के बच्चों की सहभागिता से जल परीक्षण एवं जल संरक्षण विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जल गुणवत्ता को प्रभावित करने वाले तत्वों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों एवं बच्चों को जल के महत्व, जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छ पेयजल के उपयोग से होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में समझाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत एफ.टी.के. (फील्ड टेस्ट किट) के माध्यम से जल गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिससे ग्रामीण स्वयं अपने पेयजल की जांच कर सकें और जल जनित बीमारियों से बचाव कर सकें। स्कूली बच्चों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए शपथ भी दिलाई गई, जिसमें बूंद-बूंद जल बचाने, जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई रखने, जल संसाधनों की उचित देखभाल करने, जल को ग्राम की सामूहिक संपत्ति, जल कर का नियमित भुगतान करने तथा भू-जल स्तर बढ़ाने के लिए सोख्ता गड्ढा निर्माण एवं पौधरोपण करने का संकल्प
लिया गया।

ग्राम इच्छापुर में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल स्रोतों के प्रशिक्षण, साफ-सफाई, जल गुणवत्ता परीक्षण एवं जल संरक्षण से संबंधित जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रचार रथ के माध्यम से ग्राम में भ्रमण कर ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल, जल गुणवत्ता जांच, जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के प्रति जागरूक किया गया। प्रचार रथ के माध्यम से आम नागरिकों को जल जीवन मिशन की योजनाओं, इसके लाभों, घरेलू नल कनेक्शन, हर घर नल से जल योजना, जल गुणवत्ता, स्रोत संवर्धन, जल कर की उपयोगिता तथा पेयजल संरचनाओं के रखरखाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। ऑडियो-वीडियो माध्यमों एवं प्रचार सामग्री के जरिए स्वच्छ पेयजल के स्वास्थ्य लाभों को सरल भाषा में समझाया गया। कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों से प्रत्यक्ष संवाद कर जीवन में जल की महत्ता को रेखांकित किया गया तथा जल संरक्षण हेतु सामूहिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के संदेश को अपनाने का संकल्प लिया। इस संबंध में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि जागरूकता अभियान एवं प्रचार रथ आगामी दिनों में जिले के अन्य ग्रामों में भी भ्रमण कर लोगों को जल संरक्षण और जल संवर्धन के प्रति निरंतर जागरूक करता रहेगा। कार्यक्रमों में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Next Story