
दंतेवाड़ा। जिले में जेल ब्रेक के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साढ़े 7 महीने के बाद ये पुलिस के हत्थे चढ़ा है। इसे ढूंढने पुलिस ने नारायणपुर, बस्तर समेत बीजापुर के अलग-अलग ठिकानों में रेड की कार्रवाई की थी। हालांकि ये वहां से भाग निकला। अब यह चितालंका से पकड़ाया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी का नाम महेंद्र दीवान है। ये साल 2024 से चोरी के मामले में दंतेवाड़ा जिला जेल में सजा काट रहा था। वहीं 3 अप्रैल 2025 को अपने एक अन्य साथी के साथ जेल की दीवार कूद कर भाग निकला था। हालांकि, इसका साथी भागने में नाकाम रहा था। लेकिन ये पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। तब से पुलिस इसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि ये बस्तर जिले में छिपा हुआ है। इसके बाद अधिकारियों ने जवानों की एक टीम बनाकर बस्तर भेजी। हालांकि इसे पता चल गया था कि पुलिस आ रही है।
ये बस्तर जिले से फरार हो गया और फिर नारायणपुर जिले में जाकर छिप गया था। साइबर टीम की मदद से पुलिस ने वहां भी इसका पता लगा लिया था। लेकिन पुलिस इसे पकड़ पाती इससे पहले ही ये वहां से भाग निकला। जिसके बाद पुलिस को इसका अगला ठिकाना बीजापुर में होना पता चला। पुलिस इन तीनों जिलों में लगातार रेड की कार्रवाई करती रही। लेकिन ये बार-बार पुलिस को चकमा देकर फरार होता गया। जिसके बाद कुछ हफ्ते पहले ही ये दंतेवाड़ा के चितालंका के जंगल में किसी ठिकाने में पहुंचा था। पुलिस को इसके वहां होने की जानकारी मिली थी।





