छत्तीसगढ़

आसान नहीं बस्तर में दोबारा 12 सीट जीतना

Nilmani Pal
26 Jun 2023 5:42 AM GMT
आसान नहीं बस्तर में दोबारा 12 सीट जीतना
x

प्रतिद्वंद्वी को हलके में लेना भूल होगी: सिंहदेव

जसेरि रिपोर्टर

रायपुर/जगदलपुर। बस्तर में 12 की 12 विधानसभा सीट वापस लाना आसान नहीं होगा। इसके लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। पिछले चुनाव में बस्तर के मतदाताओं ने कांग्रेस प्रत्याशियों पर भरोसा दिखाया था, इस विश्वास को बनाए रखने की जिम्मेदारी अब हम सभी की होगी। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बस्तर दौरे पर पहुंचने के बाद एयरपोर्ट में चर्चा के दौरान यह बातें कही है।

सिंहदेव ने कहा कि चुनाव के पहले किसी भी प्रतिद्वं?द्वी को हल्के में लेना भूल होगी। यह कह देना कि सारी की सारी सीट जीतेंगे ऐसा असंभव तो नहीं है पर इसके लिए सभी को संयुक्त रुप से काम करना होगा। ऊपरी स्तर के नेताओं से लेकर संगठन व जमीनी कार्यकर्ताओं को मिलकर यह लड़ाई लडऩी होगी। सर्व आदिवासी समाज के चुनावी मैदान में उतरने को लेकर कहा कि सर्व आदिवासी समाज यदि अपने प्रत्याशी उतारते हैं तो भी हमें तैयारी के साथ मैदान में जाना होगा। समाज से बातचीत कर उनका भरोसा जीतने का प्रयास भी कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि वे यहां कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण सम्मेलन में सम्मिलित होने आए हैं। इस दौरान वे जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं का मनोबल, भावना और काम करने की तैयारी को परखने का प्रयास करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को अपनी बात नहीं रख पाते हैं, पर 45 मिनट की कक्षा में शिक्षक यदि 40 मिनट पढ़ाता है तो पांच मिनट प्रशिक्षुओं को भी अपनी बात रखने का समय रहता है। इतने समय में सबसे बात करना संभव नहीं है पर कार्यकर्ताओं की भावनाओं को भी समझने का प्रयास करेंगे।

चुनाव के पहले मतभेद का संदेश अच्छा नहीं

प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के बीच संगठन में फेरबदल को लेकर हुए विवाद पर स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने कहा कि चुनाव के पहले किसी भी तरह का तालमेल या आदान-प्रदान में कमी दिखने का संदेश जाता है तो यह अच्छा नहीं है। इस प्रकरण में प्रदेश प्रभारी के निर्देश आने के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने स्पष्ट कर दिया था कि प्रदेश प्रभारी के गाइडेंस के अनुरूप ही काम करेंगे।

बस्तर में कांग्रेस का बूथ चलो अभियान आज से होगा शुरू

छत्तीसगढ़ के बस्तर में कांग्रेस का बूथ चलो अभियान सोमवार से शुरू हो रहा है। बस्तर की 12 विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित मंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बूथ चलो अभियान में शामिल होने के लिए कुमारी सैलजा रविवार शाम को रायपुर पहुंच गई। प्रदेश महामंत्री रवि घोष ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जगदलपुर विधानसभा सीट पर अभियान की शुरुआत करेंगे। कुमारी सैलजा कांकेर और मोहन मरकाम भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में अभियान में शामिल होंगे। इसके साथ ही विकास उपाध्याय अंतागढ़, सत्यनारायण शर्मा केशकाल, प्रेमसाय सिंह टेकाम कोंडागांव, फूलोदेवी नेेताम नारायणपुर, सप्तगिरी शंकर उल्का बस्तर, टीएस सिंहदेव चित्रकोट, कवासी लखमा दंतेवाड़ा, शिव डहरिया बीजापुर और दीपक बैज कोंटा में शामिल होंगे।

भाजपा ने हिन्दुत्व और धर्म के नाम पर किया धंधा: आचार्य प्रमोद कृष्णन

विश्व हिंदू परिषद की तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बीच रायपुर पहुंचे कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन ने कहा कि हिंदुत्व भाजपा की बपौती नहीं है। हिन्दुत्व की जो परिभाषा भाजपा देना चाहती है, असल में वो हिन्दुत्व है ही नहीं। कांग्रेस हमेशा से हिंदुत्व के रास्ते पर थी। कांग्रेस महात्मा गांधी की अनुयायी है और उनकी हर सभा की शुरुआत रघुपति राघव राजाराम से होती थी। महात्मा गांधी से बड़ा कोई हिंदू नहीं है। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में आचार्य प्रमोद ने कहा कि भाजपा ने हिन्दुत्व और धर्म के नाम पर धंधा किया। लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया है और धर्म के नाम पर सत्ता हासिल करने का अभियान चलाया है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को गाली देना, देश को तोडऩा और धर्म के नाम पर विभाजन करना हिंदुत्व नहीं है। आचार्य प्रमोद ने आरोप लगाया कि ईडी और सीबीआइ भाजपा का छिपा हुआ संगठन बन गया है। जिस तरह भाजपा के लिए आरएसएस और विहिप काम करते हैं, वैसे ही ईडी और सीबीआइ कर रहे हैं।

जनकल्याण के रास्ते पर चल रही सरकार : वहीं कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन ने कहा कि छत्तीसगढ़ आने का मौका पहली बार मिला है। गांव की संस्कृति, भारत की संस्कृति मानी जाती है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सरकार जनभावनाओं के कल्याण के रास्ते चल रही है। यहां गोबर खरीदी की जा रही है। यहां के लोग बहुत प्यारे हैं। जिस तरह का माहौल देश में है, उससे छत्तीसगढ़ थोड़ा अलग है। छत्तीसगढ़ की सरकार और अधिक काम करें।

मध्यप्रदेश सरकार पर कसा तंज : आचार्य प्रमोद कृष्णन ने मध्यप्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र में जिनको मामा कहा जाता है, अब उनका युग नहीं बचा है। मध्यप्रदेश में महाकाल की कृपा हमारे साथ है। शिवराज सरकार ने बाबा महाकाल को ठगने का काम किया। पौराणिक इतिहास में 3 मामाओं का जिक्र हैं। मामा मारीच ने सीता मैया के हरण में छल किया, मामा शकुनि के कारण महाभारत का युद्ध हुआ था, और कलयुग के मामा, जिन्हें लोकतंत्र में मामा कहते हैं।

Next Story