IPS ट्रांसफर लिस्ट जल्द, एसपी और आईजी बदले जाने की चर्चा

रायपुर। राज्य में प्रशासनिक स्तर पर पांच महीने पहले हुए बड़े फेरबदल के बाद अब पुलिस विभाग में भी व्यापक बदलाव की तैयारी तेज हो गई है। राज्य सरकार जल्द ही पुलिस महकमे में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी कर सकती है।
प्रस्तावित फेरबदल में जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) से लेकर रेंज स्तर के IG, डीआईजी और पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एडीजी स्तर के अधिकारियों तक की जिम्मेदारियों में बदलाव संभव माना जा रहा है। पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार कुछ वरिष्ठ अधिकारी वर्तमान में बिना प्रभार के कार्यरत हैं। ऐसे में नई सूची के जरिए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।
जानकारी के मुताबिक यह फेरबदल राजधानी रायपुर में लागू की गई पुलिस कमिश्नरी प्रणाली से अलग होगा। रायपुर कमिश्नरी में अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले पहले ही किए जा चुके हैं, इसलिए इस बार मुख्य ध्यान राज्य के अन्य 33 जिलों पर रहेगा। मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं, सशस्त्र बलों और जिला पुलिस इकाइयों में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है। शासन की कोशिश पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी और चुस्त-दुरुस्त बनाने की बताई जा रही है।
इस वर्ष जनवरी में पुलिस विभाग में बड़ा बदलाव देखने को मिला था। उस समय संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था। इसी दौरान 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले भी किए गए थे। अब पांच महीने बाद फिर से पुलिस महकमे में नई पदस्थापना सूची जारी होने के संकेत मिल रहे हैं। इसे राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।





