आईपीएस रतनलाल डांगी दूसरी बार राष्ट्रपति पदक से होंगे सम्मानित

बिलासपुर। रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रतनलाल डांगी को राष्ट्रपति सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के 10 पुलिस अधिकारियों को यह सम्मान इस वर्ष मिल रहा है। डांगी को इससे पहले राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
डांगी सहित अन्य अधिकारियों को यह सम्मान उनके सेवाकाल में किए जाने वाले उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया जाएगा। डांगी व्यक्तित्व विकास के अलावा बॉडी फिटनेस और योगा के लिए जवानों और आम लोगों को प्रेरित करते हैं। गृह मंत्रालय ने उनके 18 वर्ष के सेवा की उपलब्धियों को देखते हुए इस सम्मान के लिए चुना है। बीजापुर में पुलिस अधीक्षक रहते हुए डांगी ने धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पहल की थी। उन्होंने इस दौरान कई नक्सल ऑपरेशन का भी नेतृत्व किया।
बिलासपुर में एडिशनल एसपी के पद पर कार्य कर रहे राजेंद्र जायसवाल को भी गृह मंत्रालय के मेडल से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने उरला, रायपुर में सीएसपी रहते हुए आतंकी संगठन की गतिविधियों का भंडाफोड़ किया था और इसके एक आरोपी धीरज साव को गिरफ्तार किया था।