छत्तीसगढ़
IPS जितेंद्र कुमार यादव ने संभाला कबीरधाम SP का पदभार
Shantanu Roy
28 July 2026 11:16 PM IST

x
छग
Kabirdham. कबीरधाम। छत्तीसगढ़ कैडर के आईपीएस अधिकारी जितेंद्र कुमार यादव ने मंगलवार 28 जुलाई को कबीरधाम जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के बाद उन्होंने यह नई जिम्मेदारी संभाली है। इससे पहले वे बीजापुर जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय कबीरधाम पहुंचने पर नए एसपी जितेंद्र कुमार यादव का पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वागत किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल और अमित पटेल सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उप पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) आशीष शुक्ला, पंडरिया एसडीओपी भूपत सिंह, बोडला एसडीओपी अखिलेश कौशिक समेत अन्य राजपत्रित अधिकारी और पुलिस जवानों ने उनका स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, विभागीय कार्यप्रणाली और लंबित मामलों की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने जिले के प्रमुख पुलिस इकाइयों का भी जायजा लिया।
एसपी यादव ने सिटी कोतवाली, नक्सल सेल, साइबर सेल और पुलिस कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से चर्चा कर जिले की वर्तमान कानून व्यवस्था, अपराध की स्थिति और पुलिसिंग से जुड़े विषयों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बेहतर पुलिसिंग के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पदभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि आम जनता को त्वरित, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता के बीच विश्वास कायम करना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना है।
एसपी यादव ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पुलिस कार्रवाई को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा को महत्वपूर्ण प्राथमिकता बताते हुए कहा कि कमजोर वर्गों की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करेगी। उन्होंने साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए साइबर सेल को और अधिक सक्रिय बनाने की बात कही। एसपी ने कहा कि डिजिटल अपराधों से निपटने के लिए तकनीकी संसाधनों और पुलिसकर्मियों की दक्षता का बेहतर उपयोग किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए जागरूकता अभियान और प्रभावी कार्रवाई दोनों जरूरी हैं। एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से अपराध नियंत्रण में मदद मिलती है। आम लोगों के साथ संवाद बढ़ाकर पुलिस व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
Tagsकबीरधाम एसपी जितेंद्र कुमार यादवIPS जितेंद्र यादवपुलिस अधीक्षक कबीरधामबीजापुर एसपी तबादलाछत्तीसगढ़ पुलिसकानून व्यवस्थासाइबर अपराध नियंत्रणमहिला सुरक्षासामुदायिक पुलिसिंगपुलिस प्रशासनKabirdham SP Jitendra Kumar YadavIPS Jitendra YadavSuperintendent of Police KabirdhamBijapur SP transferChhattisgarh Policelaw and ordercyber crime controlwomen's safetycommunity policingpolice administration
Next Story





