छत्तीसगढ़

बिलासपुर में आईपीएल सट्टेबाजी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

SHIDDHANT
5 April 2026 10:46 PM IST
बिलासपुर में आईपीएल सट्टेबाजी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
x
छत्तीसगढ़
Bilaspur बिलासपुर: आईपीएल सीजन शुरू होते ही शहर में ऑनलाइन सट्टेबाजी का अवैध कारोबार एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इसी बीच सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 1,48,500 रुपये नकद, मोबाइल फोन और सट्टे में प्रयुक्त एक्टिवा जब्त की गई है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल मैचों में हार-जीत और बॉल-टू-बॉल रन पर दांव लगवा रहे थे। आईपीएल में सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू टीम ने जरहाभाठा क्षेत्र में दबिश दी, जहां सटोरियों को ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए पकड़ा गया।



गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ पवार (सिंधी कॉलोनी, जरहाभाठा) और कमल पंजवानी (चकरभाठा) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके मोबाइल में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच चल रहे मैच पर सट्टा खिलाने के प्रमाण मिले। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा पट्टी, दो मोबाइल फोन और एक्टिवा क्रमांक CG-10-AJ-8770 बरामद किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) और बीएनएस की धारा 112 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसीसीयू टीम आरोपियों से पूछताछ कर सट्टेबाजी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। जांच में पता चला कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए किसी एक जगह नहीं रहते थे। वे एक्टिवा से घूम-घूमकर मोबाइल ऐप के जरिए सट्टा खेलाते थे। पुलिस ने बताया कि आईपीएल के दौरान ऐसे गिरोहों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि अवैध सट्टेबाजी पर पूरी तरह से लगाम लगाया जा सके।
Next Story