छत्तीसगढ़

परीक्षा केंद्र में नकल करने की छूट दी पर्यवेक्षक ने, वीडियो वायरल

Nilmani Pal
19 May 2026 4:05 PM IST
परीक्षा केंद्र में नकल करने की छूट दी पर्यवेक्षक ने, वीडियो वायरल
x
छग

बलौदाबाजार। जिले के कसडोल से ओपन स्कूल परीक्षा में कथित नकल का बड़ा मामला सामने आया है। सोशल मीडिया में वायरल CCTV वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि परीक्षा केंद्र में खुलेआम नकल कराई जा रही थी। जब मीडिया ने जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल पूछे तो अधिकारी भड़क गए और मीडिया कर्मियों से बदसलूकी करते हुए धमकी तक दे डाली।

मामला कसडोल स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल का बताया जा रहा है, जहां बीते 30 मार्च को ओपन स्कूल की परीक्षा आयोजित हुई थी। अब परीक्षा केंद्र का कथित CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

मीडिया कर्मियों ने जब मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल पूछे, तो अधिकारी जवाब देने के बजाय भड़क गए। आरोप है कि मीडिया से बदसलूकी की गई और कैमरा बंद करने की धमकी तक दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अधिकारियों ने कहा- वीडियो बनाओगे तो सोच लेना। इस पूरे मामले पर स्कूल के प्रिंसिपल समेत परीक्षा केंद्र से जुड़े जिम्मेदार लोग कार्यालय छोड़कर निकल गए। अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि परीक्षा केंद्र में इस तरह की गतिविधियां हो रही थीं तो निगरानी की जिम्मेदारी किसकी थी।

Next Story