छत्तीसगढ़

सुशासन तिहार के आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के दिए निर्देश

Nilmani Pal
15 April 2025 4:13 PM IST
सुशासन तिहार के आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के दिए निर्देश
x

कोंडागांवकलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि हितग्राहीमूलक योजनाओं के अंतर्गत सभी पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाए। कलेक्टर ने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ संवेदनशीलतापूर्वक निराकरण करने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी आवेदनों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि पोर्टल पर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के आयुष्मान भारत योजना और प्रधानमंत्री वय वंदना योजना की समीक्षा करते हुए लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रगति लाने सीएमएचओ को निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप समस्त राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। इसके अलावा कलेक्टर ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, जनधन योजना तथा उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।

कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास प्लस 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ‘मोर दुआर साय सरकार’ अभियान आज से शुरू हो रहा है, जो 30 अप्रैल तक चलेगा। शासन द्वारा सभी को आवास मिले, इसके लिए ‘आवास प्लस’ सर्वे में पात्रता के दायरे को बढ़ाया गया है, जिससे हर किसी के घर का सपना पूरा हो सके। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को आवास प्लस सर्वे का कार्य को अच्छे से करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही छूटने न पाए।

कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ को जिले के समस्त आंगनबाड़ियों और स्कूलों में शौचालय तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जल संचयन के लिए जिले में व्यापक अभियान चलाया जाना है। इसके तहत जिले के नागरिकों को जल संरक्षण के लिए जागरूक करने, ग्राम पंचायतों में भूजल स्तर की जानकारी देने और वाटर हार्वेस्टिंग लगाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु जल संसाधन विभाग को मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए।

Next Story