छत्तीसगढ़

एनीमिया को दूर करने के लिए भोजन में शामिल करें हरी सब्जियां, गुड़, आंवला

Shantanu Roy
5 Feb 2023 1:15 PM GMT
एनीमिया को दूर करने के लिए भोजन में शामिल करें हरी सब्जियां, गुड़, आंवला
x
छग
रायपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के चिकित्सकों ने महिलाओं से अधिक से अधिक हरी सब्जी, चुकंदर, खजूर, गुड़, नींबू और आंवला आदि को भोजन में शामिल करने का आह्वान किया है जिससे गंभीर एनीमिया को दूर किया जा सके। विभाग द्वारा आयोजित विशेष कैंप में 108 में से 48 महिलाओं को एनीमिया पाया गया। विभाग द्वारा एनीमिया की जांच और जागरूकता के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्घाटन करते हुए निदेशक प्रो. (डॉ.) नितिन एम. नागरकर ने कहा कि एनीमिया मुक्त भारत के लिए विभाग की यह विशेष पहल स्वागत योग्य है। प्रदेश में एनीमिया से पीड़ित महिला रोगियों की संख्या काफी अधिक है जिसके लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाने की जरूरत है। उन्होंने स्वस्थ नई पीढ़ी के लिए एनीमिया को समाप्त करना आवश्यक बताया।
अधिष्ठाता (शैक्षिक) प्रो. आलोक अग्रवाल ने एनीमिया के रोगियों को चिन्हित करने के बारे में प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। विभागाध्यक्ष प्रो. सरिता अग्रवाल ने सभी को एनीमिया के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए प्रोत्साहित किया। डॉ. नीलज बागड़े का कहना था कि भारत में एक तिहाई आबादी एनीमिया से प्रभावित है। प्रत्येक दो में से एक महिला को एनीमिया है। उन्होंने एनीमिया पीड़ित महिलाओं द्वारा कुपोषित बच्चों को जन्म दिए जाने की संभावना अधिक बताई। इस अवसर पर चिकित्सा छात्रों ने लघु नाटिका और काव्य पाठ किया। छात्रों ने रंगोली और पोस्टर के माध्यम से भी एनीमिया मुक्त भारत का संदेश दिया।
Next Story