छत्तीसगढ़
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में धान खरीदी का शुभारंभ
Shantanu Roy
17 Nov 2026 9:43 PM IST

x
छग
कोण्डागांव। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ रविवार को पूरे उत्साह एवं उत्सवी माहौल में हुआ। जिले के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों में पहले दिन किसान अपनी उपज बेचने पहुंचे। इस दौरान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया।
इसी क्रम में कोण्डागांव विकासखंड के ग्राम बड़ेकनेरा स्थित धान उपार्जन केंद्र में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर किसानों की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना करते हुए खरीदी कार्य प्रारंभ किया गया।
कार्यक्रम में एसडीएम अश्वन पुसाम, तहसीलदार मनोज रावटे, खाद्य विभाग के अधिकारी नवीन श्रीवास्तव, सहकारिता विभाग के अधिकारी उदय ठाकुर, जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) लोकेश देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
धान खरीदी के शुभारंभ के साथ ही किसानों में अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने को लेकर उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
Next Story





