छत्तीसगढ़

जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में अटल लैब का उद्घाटन

Shantanu Roy
3 Jun 2026 6:37 PM IST
जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में अटल लैब का उद्घाटन
x
अब 136 प्रकार की जांच निशुल्क
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़ बिलाईगढ़। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में अटल लैब का औपचारिक उद्घाटन कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय, विधायक उत्तरी जांगड़े और गणमान्य नागरिक ज्योति पटेल की उपस्थिति में संपन्न हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम में अतिथियों ने लैब का अवलोकन किया और भगवान श्री गणेश के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर नए प्रयोगशाला का शुभारम्भ किया। इस नई अटल लैब में अब 136 प्रकार की मेडिकल जांच निःशुल्क उपलब्ध होंगी। इससे पहले जिला चिकित्सालय में 78 प्रकार की जांच निःशुल्क या न्यूनतम दर पर उपलब्ध थीं। लैब की सुविधाओं में विभिन्न प्रकार की रक्त, मूत्र, हृदय और संक्रमण संबंधी जांच शामिल हैं। जिले के मरीजों को अब स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न जाँच सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं होगी।

इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव, सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल, पूर्व पार्षद अविनाशपुरी गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में लैब कर्मी, मरीज और उनके परिजन उपस्थित थे। अधिकारियों ने कहा कि इस नई लैब के माध्यम से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उद्घाटन के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अटल लैब में अत्याधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया है। इससे मरीजों को जांच के नतीजे तेजी से मिलेंगे और उपचार प्रक्रिया में मदद मिलेगी। अस्पताल प्रशासन ने जनता से अपील की कि स्वास्थ्य जांच के लिए नियमित रूप से लैब का उपयोग करें।

स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें। सारंगढ़ जिले में यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अटल लैब की स्थापना से मरीजों को समय की बचत होगी और जांच सेवाओं की गुणवत्ता भी सुधरेगी। इस नई सुविधा से गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को मुफ्त और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि सरकार की योजना के तहत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। अटल लैब का उद्घाटन स्वास्थ्य सेवाओं में नया अध्याय जोड़ने वाला कदम है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस प्रकार की सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
Next Story