छत्तीसगढ़ में आज से किसानों को मिलेंगे धान खरीदी के टोकन, 15 नवंबर से शुरू होगी खरीदी; जानें पूरी प्रक्रिया

360 नए उपार्जन केंद्रों
छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इससे पहले 10 नवंबर से किसानों को धान विक्रय के लिए टोकन जारी करने की व्यवस्था निर्धारित की गई है। इस बार किसानों को घर बैठे मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। वहीं खरीदी केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, डिजिटल रिकॉर्ड और धान परिवहन की निगरानी के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। राज्य में 27.50 लाख से अधिक किसानों से धान खरीदी की तैयारी है। प्रदेश में धान खरीदी के लिए 360 नए उपार्जन केंद्रों सहित कुल 3,100 केंद्रों की व्यवस्था की गई है। खरीदी केंद्रों पर बारदानों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार की तैयारी में किसानों से धान की खरीदी के साथ उसके सुरक्षित रखरखाव, उठाव और परिवहन की व्यवस्था भी शामिल है।





