छत्तीसगढ़

राज्य स्तरीय रोजगार मेला और कौशल प्रशिक्षण की समीक्षा बैठक में दिए गए अहम निर्देश

Shantanu Roy
12 Oct 2025 6:38 PM IST
राज्य स्तरीय रोजगार मेला और कौशल प्रशिक्षण की समीक्षा बैठक में दिए गए अहम निर्देश
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। बैठक में तय किया गया कि राज्य स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न औद्योगिक संस्थानों और निजी कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभागीय अधिकारियों ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) के तहत वार्षिक कार्ययोजना के अनुसार प्रशिक्षण बैचों के संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समयसीमा में पूरा किया जाए और जिलों के कलेक्टर यह सुनिश्चित करें कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बनी रहे। कलेक्टर्स को निर्देश दिए गए कि वे नियमित रूप से कौशल विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करें और लाइवलीहुड कॉलेजों के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का शीघ्र चिन्हांकन करें। इसके साथ ही स्किल गैप एनालिसिस यानी स्थानीय संसाधनों और रोजगार की संभावनाओं के आधार पर वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया। इससे प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप बनाए जा सकेंगे।

युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि हर तिमाही में स्वरोजगार के लिए लोन मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रशिक्षित युवाओं को बैंकिंग संस्थानों और वित्तीय एजेंसियों से जोड़ा जाएगा ताकि उन्हें व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता मिल सके। इसके अलावा, रोजगार कार्यालयों के माध्यम से काउंसलिंग सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलों के औद्योगिक क्षेत्रों से रिक्त पदों की जानकारी एकत्र कर विभाग को भेजने की भी बात कही गई है, ताकि युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। सरकार का लक्ष्य है कि इन पहलों के माध्यम से न केवल बेरोजगारी दर घटाई जाए, बल्कि युवाओं को कौशल आधारित रोजगार दिलाने में राज्य देशभर में अग्रणी बने।
Next Story