
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन के मंत्रिपरिषद कक्ष में कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। बैठक सुबह 11:30 बजे प्रस्तावित है, जिसमें प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है।
बैठक को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर काफी हलचल है। खास तौर पर CGPSC में अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार आज इस संबंध में कोई महत्वपूर्ण निर्णय ले सकती है।
इसके अलावा कर्मचारियों के DA बढ़ोतरी से जुड़े प्रस्ताव पर भी चर्चा होने की संभावना है। प्रदेश के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने और भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से संबंधित मुद्दे भी कैबिनेट के एजेंडे में शामिल हो सकते हैं।
महिला कल्याण से जुड़े प्रस्तावों पर भी मंत्रिपरिषद में विचार किया जा सकता है। इसके साथ ही खनन क्षेत्र से संबंधित कुछ मामलों पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
कैबिनेट की यह बैठक कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रदेशभर की नजर इस बात पर रहेगी कि सरकार किन प्रस्तावों पर मुहर लगाती है और किन मुद्दों पर आगे की रणनीति तय करती है।
बैठक के बाद सरकार की ओर से लिए गए फैसलों की आधिकारिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।





