
x
छग
Raipur रायपुर। रायपुर रेल मंडल ने मुख्य रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार और एक्सप्रेसवे के पास रेलवे भूमि से सटे क्षेत्र में संचालित एक अवैध स्टॉल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस स्टॉल के कारण यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी और सुरक्षा संबंधी शिकायतें लगातार मिल रही थीं।
रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देश पर वाणिज्य विभाग की टीम ने संयुक्त सर्वे किया। जांच में पाया गया कि स्टॉल बिना किसी वैध अनुमति के संचालित किया जा रहा था। न तो रेलवे प्रशासन से अनुमति ली गई थी और न ही रायपुर नगर निगम से कोई स्वीकृति प्राप्त की गई थी।
अधिकारियों के मुताबिक स्टॉल रेलवे सीमा से सटी राज्य सरकार की जमीन पर लगाया गया था, जिससे स्टेशन परिसर के आसपास अव्यवस्था फैल रही थी। शाम और रात के समय यहां भीड़ बढ़ने से यात्रियों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा कूड़ा-कचरा और खाद्य सामग्री फैलने से गंदगी की समस्या भी बढ़ रही थी।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि देर रात असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और सुरक्षा संबंधी शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। रेलवे ने रायपुर नगर निगम और राज्य सरकार को पत्र लिखकर क्षेत्र में अन्य अवैध स्टॉल हटाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके साथ ही रेलवे ने फाफाडीह प्रवेश द्वार से स्टेशन तक पूरे क्षेत्र में संयुक्त निरीक्षण, स्वच्छता व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सहयोग मांगा है।
Next Story





