छत्तीसगढ़

नगरी और मगरलोड से 1.46 लाख रुपये के अवैध पटाखे जब्त, विक्रेता गिरफ्तार

Shantanu Roy
5 Nov 2026 10:10 PM IST
नगरी और मगरलोड से 1.46 लाख रुपये के अवैध पटाखे जब्त, विक्रेता गिरफ्तार
x
छग
Dhamtari. धमतरी। धमतरी जिले में त्योहारी सीजन के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले के तीन अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर 3 आरोपियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बिना लाइसेंस के रखे गए लगभग 1.46 लाख रुपये मूल्य के अवैध पटाखे और अवैध देशी शराब बरामद की है।

तीन थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना नगरी, थाना मगरलोड और चौकी बिरेझर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित दबिश देकर अवैध गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों को पकड़ा।

1. थाना नगरी: ₹1,30,000 के अवैध पटाखे जब्त
ग्राम फरसिया में स्थित एक मकान सह दुकान में बिना किसी वैध लाइसेंस के पटाखों का भारी भंडारण कर बिक्री किए जाने की सूचना मिली। इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी उदित नारायण सिन्हा (पिता जीवन लाल, निवासी फरसिया) के कब्जे से विभिन्न ब्रांडेड कंपनियों के लगभग 1,30,000 रुपये मूल्य के अवैध पटाखे बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 82/2026, धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मामला दर्ज किया है।

2. थाना मगरलोड: ₹16,500 के पटाखे बरामद
मगरलोड के भरदा मार्ग स्थित बेकरी भंडार एवं किराना स्टोर्स में पुलिस टीम ने आकस्मिक दबिश दी। जांच के दौरान दुकान संचालक आरोपी भानूप्रताप साहू (36 वर्ष, पिता धनीराम साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 03, मगरलोड) के कब्जे से एक कार्टन में रखे विभिन्न कंपनियों के 16,500 रुपये मूल्य के अवैध पटाखे जब्त किए गए। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 221/2026, धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

3. चौकी बिरेझर (थाना कुरूद): अवैध शराब विक्रेता गिरफ्तार
ग्राम कंचना नाला पुल के पास बिरेझर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अवैध रूप से देशी शराब बेच रहे आरोपी प्रेम कुमार चतुर्वेदी (20 वर्ष, पिता पंचराम चतुर्वेदी, निवासी कंचना) को रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 11 पौवा देशी मदिरा (कीमत ₹1,100) और शराब बिक्री की नकद रकम ₹150 (कुल संपत्ति ₹1,250) जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 375/2026, धारा 34(1)(ख) आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।

धमतरी पुलिस की आम नागरिकों से अपील
धमतरी पुलिस ने आम जनता और व्यापारियों से अपील की है कि वे बिना वैध लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के पटाखों या अन्य विस्फोटक सामग्रियों का भंडारण और क्रय-विक्रय न करें। इसके अलावा जिले में अवैध शराब या अन्य किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 को दें, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Next Story