छत्तीसगढ़

IGKV पेपर लीक मामला: दो परीक्षाएं रद्द, सितंबर में फिर होगा आयोजन

Shantanu Roy
23 Aug 2026 7:16 PM IST
IGKV पेपर लीक मामला: दो परीक्षाएं रद्द, सितंबर में फिर होगा आयोजन
x
छग
Raipur. रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) प्रबंधन ने पेपर लीक मामले को गंभीरता से लेते हुए परीक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव करने का निर्णय लिया है। परीक्षाओं की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए रविवार को कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल की अध्यक्षता में आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। रायपुर पुलिस की जांच में सामने आया कि 20 अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के एंटोमोलॉजी विषय के प्रश्न पत्र के साथ ही 7 अगस्त को आयोजित
बीएससी कृषि
प्रथम वर्ष के प्लांट पैथोलॉजी विषय का प्रश्न पत्र भी लीक हुआ था। इस जानकारी के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोनों विषयों से संबंधित परीक्षाओं को निरस्त करने का फैसला लिया है। विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए दोनों परीक्षाओं का दोबारा आयोजन सितंबर माह के प्रथम सप्ताह में कराया जाएगा। नई परीक्षा तिथि की जानकारी विश्वविद्यालय की ओर से जल्द जारी की जाएगी।
दुर्ग कृषि महाविद्यालय को नोटिस जारी
पेपर लीक मामले में परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने में असफल रहने पर भारतीय कृषि महाविद्यालय, दुर्ग को नोटिस जारी किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा 20 अगस्त के पेपर लीक प्रकरण में रायपुर पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए भारतीय कृषि महाविद्यालय, दुर्ग के दोषी पाए गए छात्रों के खिलाफ भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भारतीय कृषि महाविद्यालय दुर्ग में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से नियुक्त ऑब्जर्वरों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। उनसे परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक को लेकर जवाब मांगा जाएगा।
पासवर्ड प्रोटेक्टेड ईमेल से भेजे जा रहे प्रश्न पत्र
पेपर लीक की घटना के बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब प्रश्न पत्र संबंधित महाविद्यालयों को हार्ड कॉपी के माध्यम से भेजने के बजाय पासवर्ड प्रोटेक्टेड ईमेल के जरिए भेजे जा रहे हैं। 22 अगस्त को आयोजित परीक्षा में इसी नई व्यवस्था का इस्तेमाल किया गया। सुबह 10 बजे शुरू होने वाली परीक्षा का प्रश्न पत्र संबंधित महाविद्यालयों को सुबह 9:30 बजे उपलब्ध कराया गया, जिससे प्रश्न पत्र की गोपनीयता बनी रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि 24 अगस्त को होने वाली परीक्षाएं भी इसी सुरक्षित प्रक्रिया के तहत आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा भविष्य में परीक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करने पर भी विचार किया जा रहा है।
परीक्षा हॉल में बढ़ेंगे CCTV कैमरे
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा व्यवस्था में निगरानी बढ़ाने का भी फैसला लिया है। इसके तहत विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग और महाविद्यालयों के परीक्षा हॉल में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। प्रबंधन का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए तकनीकी उपायों को बढ़ावा दिया जाएगा। छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्था तैयार की जा रही है, जिससे विष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोका जा सके। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि छात्रों का विश्वास बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
Next Story