छत्तीसगढ़

जांच घटी तो संक्रमित भी कम मिल रहेण्...रविवार को 1368 नए केस मिले रिकवरी रेट हुआ 85 फीसदी

Tara Tandi
26 Oct 2020 5:24 AM GMT
जांच घटी तो संक्रमित भी कम मिल रहेण्...रविवार को 1368 नए केस मिले रिकवरी रेट हुआ 85 फीसदी
x
प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 75 हजार के पार हो गया है।

जसेरि रिपोर्टर

रायपुर। प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 75 हजार के पार हो गया है। रविवार को प्रदेश में 1368 व रायपुर में 144 नए संक्रमित मिले हैं। वहीं 24 मरीजों की मौत हुई है। रायपुर के अलावा बिलासपुर में 143, कोरबा में 124, जांजगीर चांपा में 99, दुर्ग में 89 और नांदगांव में 57 नए केस देर शाम तक मिले हैं। वहीं रिकवरी रेट में बिलासपुर प्रदेश में टॉप पर है। यहां 94 फीसदी मरीज ठीक हो चुके हैं। राजनांदगांव में रिकवरी रेट 90, दुर्ग में 88 और रायपुर में 80 फीसदी चल रहा है।

प्रदेश में कोरोना 222 दिन का हुआ और रविवार की रात तक संक्रमित लोगों की संख्या 1.75 लाख के ऊपर चली गई। लेकिन इससे ज्यादा महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रदेश के 1.5 लाख यानी डेढ़ लाख लोग इस बीमारी से जीते और संक्रमित होने के 10 से 20 दिन के भीतर स्वस्थ भी हो गए। इसमें नवजात शिशुओं से लेकर 90 साल की उम्र के लोग भी शामिल हैं। पिछले एक महीने से स्थिति ये है कि अस्पताल और होम आइसोलेशन को मिलाकर पिछले 30 दिन के भीतर रोजाना 12-15 सौ के आसपास मरीज स्वस्थ हो रहे हैं। इससे प्रदेश का रिकवरी रेट जो डेढ़ माह पहले काफी निचले स्तर पर पहुंच गया था, अब 85 प्रतिशत से अधिक हो गया है। अस्पतालों और होम आइसोलेशन में अब 23 हजार के आसपास मरीज ही बचे हैं और वह भी स्वस्थ हो रहे हैं। प्रदेश में 18 मार्च को आधिकारिक तौर पर पहला कोरोना केस मिला, वह भी राजधानी में और इसे संक्रमण की शुरुआत माना गया है।

तब से अब तक के 222 दिन में हर दिन औसतन 676 मरीज स्वस्थ हुए हैं। प्रदेश के कोरोना के 35 फीसदी तक मामले 20 से 25 साल युवाओं के बीच रहे हैं। जबकि 20 प्रतिशत से ज्यादा मामले 25 से 35 साल आयु वर्ग के हैं। 45 प्रतिशत मामले ऐसे हैं, जिसमें शून्य से 80 साल तक यानी हर आयु-वर्ग के लोग शामिल हैं। सभी वर्ग में स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के मीडिया इंचार्ज डॉक्टर सुभाष पांडे के मुताबिक इसी वजह से एक्टिव केस के औसत में भी सकारात्मक वृद्धि देखी जा रही है।

होम आइसोलेशन में ज्यादा

प्रदेश में अब तक ठीक हुए मरीजों में सबसे ज्यादा संख्या उन लोगों की है, जिन्होंने पाजिटिव होने के बाद होम आइसोलेशन को चुना। घर में रहकर इलाज से प्रदेश में 73 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। होम आइसोलेशन में स्वस्थ होने वालों की सबसे ज्यादा संख्या रायपुर शहर में है। हालांकि प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में घर में इलाज से स्वस्थ होने वालों की संख्या ज्यादा है।

संक्रमण राष्ट्रीय औसत से अधिक

प्रदेश में संक्रमण की दर देश की दर से ज्यादा है और विशेषज्ञों के अनुसार यही चिंताजनक भी है। इसे ऐसे समझ सकते हैं कि अगर यहां के 10 लाख लोगों का टेस्ट किया जाए तो उनमें औसतन 6078 लोग कोरोना संक्रमित मिलेंगे। जबकि देश में यह औसत 5902 ही है। यानी, छत्तीसगढ़ में देश की तुलना में प्रति दस लाख की आबादी में 178 व्यक्ति अधिक संख्या में संक्रमण का शिकार बन रहे हैं। दो माह पहले तक यह राष्ट्रीय औसत से काफी कम था। यहां तक कि जुलाई में भी 10 लाख लोगों में देश की दर से प्रदेश की दर 1000 कम थी। देश में उस दौरान प्रति दस लाख में 4 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित रहे जबकि छत्तीसगढ़ में ये संख्या 3 हजार से भी कम थी। अगस्त-सितंबर में छत्तीसगढ़ में हुए कोरोना विस्फोट की वजह से प्रदेश इस स्थिति में आया है।

Next Story