छत्तीसगढ़

BJP की सरकार आई तो छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी होगी, रमन सिंह ने दिया बड़ा बयान

Nil dhankar
31 Dec 2022 4:55 PM IST
BJP की सरकार आई तो छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी होगी, रमन सिंह ने दिया बड़ा बयान
x

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी सत्ता वापसी के लिए बड़ी तैयारी में नजर आ रही है। बीजेपी विधानसभा स्तरीय तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश में BJP की सरकार आई तो राज्य में पूर्ण शराबबंदी होगी। वे शराबबंदी को अपने घोषणा पत्र में शामिल करेंगे। उन्होंने कहा कि, पहले भी हम क्रमिक शराबबंदी लागू किए थे।

दरअसल, पूर्व सीएम डॉ.रमन सिंह लगातार बिलासपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। वहां के लोगों और कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। साथ ही संगठनात्मक बैठकें भी कर रहे हैं। इसी कड़ी में वे शुक्रवार को तखतपुर विधानसभा के भकुर्रा, नवापारा में आयोजित आम सभा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को संबोधित किया। साथ ही भाजपा कार्यालय में आयोजित समन्वयक और जनप्रतिनिधियों की विधानसभा स्तरीय बैठक में शामिल होकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया।

इसके बाद उन्होंने पत्रकारोंं से चर्चा करते हुए कहा कि, हम अपने शासन काल में पहले ही शराबबंदी की ओर बढ़ रहे थे। साथ ही 3000 तक की जनसंख्या वाले गांवों में हमने पूर्ण शराबबंदी लागू की थी। अब हम फिर से अपने घोषणा पत्र में शराबबंदी की बात को शामिल करेंगे।


Next Story