छत्तीसगढ़

पति ने पत्नी पर गोली चलाने की कोशिश की, तलाक केस के बीच विवाद

Nilmani Pal
28 Jun 2026 1:16 PM IST
पति ने पत्नी पर गोली चलाने की कोशिश की, तलाक केस के बीच विवाद
x
छग

कोरबा। प्रेम विवाह के तीन साल बाद ही पति-पत्नी के रिश्ते में इतनी कड़वाहट आ गई कि मामला तलाक तक पहुंच गया। दोनों पक्षों की सहमति से तलाक के दस्तावेज भी तैयार करा लिए गए, लेकिन इसके कुछ ही देर बाद पति ने पत्नी के घर पहुंचकर उसके साथ मारपीट की और कनपटी पर पिस्टल तान दी। परिजनों की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई। मामले में पुलिस ने आरोपी पति और उसके मामा को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र की रहने वाली युवती ने नवंबर 2023 में बिलासपुर के मंगला अमन विहार निवासी सतीश कुमार से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। हालात ऐसे बने कि युवती अपने मायके लौट आई और दोनों अलग रहने लगे। शुक्रवार को सतीश कुमार अपने मामा जितेंद्र चंद्राकर, निवासी भिलाई-सीपत, के साथ पत्नी के घर पहुंचा। उसने कहा कि यदि साथ रहना संभव नहीं है तो दोनों आपसी सहमति से तलाक ले लें। परिवार के बीच बातचीत हुई और दोनों पक्ष तलाक के लिए तैयार हो गए। इसके बाद पति-पत्नी और दोनों परिवारों के सदस्य एक अधिवक्ता के पास पहुंचे, जहां तलाक से जुड़े दस्तावेज तैयार कराए गए।

दस्तावेज तैयार होने के बाद युवती अपने परिजनों के साथ घर लौट आई। कुछ देर बाद सतीश अपने मामा के साथ फिर वहां पहुंचा। उसने बातचीत करने के बहाने पत्नी को घर के बाहर बुलाया। आरोप है कि बाहर आते ही उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी और पिस्टल निकालकर उसकी कनपटी पर तान दी। अचानक हुई इस घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत बीच-बचाव कर युवती को बचाया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़िता के परिजनों ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की और आरोपी सतीश कुमार तथा उसके मामा जितेंद्र चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Next Story