छत्तीसगढ़

दूसरी पत्नी के साथ रहता था पति, पहली पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार

jantaserishta.com
12 Nov 2026 2:40 PM IST
दूसरी पत्नी के साथ रहता था पति, पहली पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार
x
छत्तीसगढ़.
जशपुर: रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात में चरित्र पर संदेह ने एक पति को अपनी ही पत्नी का हत्यारा बना दिया। जशपुर जिले में दूसरी महिला को पत्नी बनाकर रखने और पहली पत्नी के चरित्र पर लगातार शक करने वाले आरोपी ने विवाद के दौरान टांगी के पासा और डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के बाद आरोपी घायल पत्नी को उपचार कराने के बहाने बोलेरो वाहन में लेकर निकला, लेकिन अगली सुबह उसी वाहन की बीच वाली सीट पर महिला का शव मिला। मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
यह पूरा मामला थाना बगीचा क्षेत्र के ग्राम रनपुर का है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोलो राम (43 वर्ष), निवासी ग्राम रनपुर, थाना बगीचा, जिला जशपुर के रूप में हुई है। आरोपी ग्राम लरंगा स्थित बालक छात्रावास में प्रभारी छात्रावास अधीक्षक के पद पर कार्यरत है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रोशन कुमार (20 वर्ष), पिता कोलो राम ने 8 नवंबर 2026 को थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके पिता कोलो राम ने करीब एक वर्ष पहले एक अन्य महिला को पत्नी बनाकर रख लिया था और उसके बाद से वह दूसरी पत्नी के साथ पंडरापाठ क्षेत्र में रहने लगा था। वहीं प्रार्थी अपनी मां इन्द्रमुनी और भाई के साथ ग्राम रनपुर में रहता था। आरोपी जब भी गांव आता था, तब अपनी पहली पत्नी इन्द्रमुनी के चरित्र पर संदेह करते हुए उसके साथ विवाद और मारपीट करता था।
घटना 7 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। आरोपी कोलो राम ग्राम रनपुर पहुंचा और दरवाजा खुलवाकर घर के अंदर घुस गया। इसके बाद वह अपनी पत्नी इन्द्रमुनी के कमरे में पहुंचा और चरित्र पर संदेह करते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखे टांगी के पासा से उसकी पीठ पर दो बार वार कर दिया।
इतने पर भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह पत्नी को घर से बाहर खींचकर ले गया और गांव में पड़ोसियों के घर के सामने डंडे से उसकी पिटाई करने लगा। प्रार्थी और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। किसी तरह महिला को उसके चंगुल से छुड़ाया गया। मारपीट में इन्द्रमुनी की पीठ और हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई थीं। इसके बाद प्रार्थी और उसका छोटा भाई घायल मां को उठाकर अपने घर ले आए और उसे सुला दिया।
कुछ समय बाद आरोपी कोलो राम वापस आया और पत्नी को उपचार के लिए बोलेरो वाहन से ले जाने की बात कहकर उसे अपने साथ लेकर चला गया। रात करीब 4 बजे आरोपी फिर ग्राम रनपुर स्थित घर लौटा। अगली सुबह करीब 6 बजे प्रार्थी ने घर के पास खड़ी बोलेरो का दरवाजा खोलकर देखा तो उसकी मां इन्द्रमुनी बीच वाली सीट पर मृत अवस्था में पड़ी थी। वहीं आरोपी पिता आसपास मौजूद नहीं था।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बगीचा में अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पति कोलो राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी, डंडा और बोलेरो वाहन भी जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध अपराध के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस मामले की विवेचना और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, उप निरीक्षक अर्जुन यादव, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र मिंज एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story