छत्तीसगढ़

चरित्र शंका में पति ने पत्नी पर किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
23 Aug 2025 12:30 AM IST
चरित्र शंका में पति ने पत्नी पर किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Balrampur. बलरामपुर। जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ग्राम पंचायत परेवा में एक पति ने चरित्र शंका के संदेह में अपनी ही पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी ने छुरी सहित अन्य हथियारों से पत्नी की आंख और शरीर के कई हिस्सों पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद महिला लहूलुहान हालत में वहीं बेहोश होकर गिर गई। आनन-फानन में परिजनों ने बीच-बचाव कर घायल महिला को शंकरगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को नाजुक बताते हुए प्राथमिक उपचार शुरू किया। महिला फिलहाल जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। हाल ही में विवाद के बाद महिला कुछ समय के लिए अपने घर से अलग होकर दूसरी जगह चली गई थी। इसी बात पर शक करते हुए पति ने गुस्से में आकर बेरहमी से पत्नी की पिटाई कर दी और उस पर छुरी से हमला कर दिया।
घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। शंकरगढ़ थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही चार्जशीट कोर्ट में पेश की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया जिससे यह दर्दनाक वारदात सामने आई।
Next Story