छत्तीसगढ़

खाना नहीं बनाया तो पत्नी को टंगिया, छुरी और तीर से मार डाला, पति गिरफ्तार

Shantanu Roy
29 Nov 2026 2:28 PM IST
खाना नहीं बनाया तो पत्नी को टंगिया, छुरी और तीर से मार डाला, पति गिरफ्तार
x
छग
Dhamtari. धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। खाना नहीं बनाने की बात को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी पर टंगिया, छुरी और तीर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और कहानी गढ़कर खुद को निर्दोष बताने का प्रयास किया। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों ने पूरे मामले की तस्वीर साफ कर दी। केरेगांव पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

घर की परछी में मिली थी महिला की लाश
पुलिस के मुताबिक, घटना थाना केरेगांव क्षेत्र के ग्राम बाहनापथरा (कांटाकुर्रीडीह) के कमार डेरा की है। यहां रहने वाली सत्या बाई कमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। गांव के कोटवार हीरासिंग देवदास ने पुलिस को सूचना दी कि महिला अपने घर की परछी में मृत अवस्था में पड़ी है। उसके माथे, ठुड्डी, भुजा और पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में मृतका के पति राजकुमार कमार ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे वह स्टॉप डैम में मछली पकड़ने का जाल देखने गया था। रात करीब 8 बजे घर लौटने पर उसने पत्नी को घायल हालत में पाया। उसके मुताबिक, कुछ समय बाद पत्नी की मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली हत्या की गुत्थी
शुरुआत में मामला संदिग्ध मौत का लग रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल धमतरी में कराया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने धारदार और वजनी वस्तु से शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गंभीर चोट पहुंचने को मृत्यु का कारण बताया। इसके बाद पुलिस को स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत सामान्य नहीं, बल्कि हत्या का परिणाम है। विवेचना के दौरान पुलिस ने सरपंच सत्यवान ध्रुव, कोटवार हीरासिंग देवदास के बयान दर्ज किए और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया। इसके बाद मृतका के पति राजकुमार कमार से संदेह के आधार पर विस्तृत पूछताछ की गई।

खाना नहीं बनाने पर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि 25 नवंबर की रात खाना नहीं बनाने की बात को लेकर उसका पत्नी के साथ विवाद हुआ था। विवाद के दौरान वह आक्रोशित हो गया और उसने टंगिया, छुरी, तीर तथा प्लास्टिक पाइप से पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोटें आने के कारण महिला की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए घर से बाहर जाने और लौटने पर पत्नी को घायल अवस्था में देखने की कहानी बताई थी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के सामने उसकी कहानी टिक नहीं सकी।

झाड़ियों में छिपाकर रखे थे हत्या में इस्तेमाल हथियार
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे सफेद बबूल के पेड़ के नीचे झाड़ियों में छिपाकर रखे गए हथियार बरामद किए। इनमें एक लोहे की कुल्हाड़ी यानी टंगिया, एक छुरी और एक तीर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन हथियारों पर खून जैसे दाग पाए गए हैं।

आरोपी पति गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल
पुलिस ने मामले में थाना केरेगांव में अपराध क्रमांक 28/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में अपराध दर्ज किया। इसके बाद आरोपी राजकुमार कमार (37 वर्ष), पिता स्वर्गीय बालाराम कमार, निवासी ग्राम बाहनापथरा को विधिवत गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Next Story