छत्तीसगढ़

ठगबाज के घर का सैकड़ों पीड़ितों ने किया घेराव, डोंगरगढ़ पुलिस पहुंची मौके पर

Nil dhankar
26 July 2026 2:00 PM IST
ठगबाज के घर का सैकड़ों पीड़ितों ने किया घेराव, डोंगरगढ़ पुलिस पहुंची मौके पर
x

डोंगरगढ़। धर्मनगरी डोंगरगढ़ में उस समय हड़कंप मच गया, जब देश के अलग-अलग राज्यों से आए 100 से अधिक निवेशक रेलवे चौक स्थित वैसलियन चर्च के पास एक मकान के बाहर एकत्र हो गए। निवेशकों का आरोप था कि फॉरेक्स ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म ‘लॉन्ग एशिया’ के जरिए उनसे करोड़ों नहीं, बल्कि अरबों रुपये की कथित ठगी की गई है, और इस पूरे नेटवर्क के तार डोंगरगढ़ से जुड़े हैं। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। मौके पर पहुंचे निवेशकों ने बताया कि वे पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा, हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश समेत देश के करीब 10 राज्यों से डोंगरगढ़ पहुंचे हैं।

उनका आरोप है कि इस ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म को संचालित करने वाले लोगों ने ऑनलाइन जूम मीटिंग, सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों से लोगों को फॉरेक्स ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का सपना दिखाया। शुरुआत में निवेशकों को समय पर अच्छा रिटर्न दिया गया, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ता चला गया। कई लोगों ने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी निवेश कर दी, तो कई लोगों ने बैंक खातों से रकम निकालकर, तो कुछ ने कर्ज लेकर भी इस प्लेटफॉर्म में पैसा लगाया। निवेशकों का दावा है कि फरवरी 2026 से प्लेटफॉर्म पर अचानक टेक्निकल इश्यू बताकर निकासी बंद कर दी गई।

इसके बाद निवेशकों का पैसा फंस गया और प्लेटफॉर्म से भुगतान मिलना बंद हो गया। पीड़ितों का आरोप है कि इस पूरे नेटवर्क में पांच लोग शामिल हैं और देशभर के एक लाख से अधिक निवेशक इसकी चपेट में आए हैं। उनका दावा है कि फंसी हुई राशि अरबों रुपये तक पहुंच चुकी है। हालांकि, इस दावे की अभी किसी सरकारी एजेंसी या पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Next Story