छत्तीसगढ़

सेप्टिक टैंक में मिला मानव कंकाल, इलाके में फैली सनसनी

Shantanu Roy
22 Feb 2023 3:06 PM GMT
सेप्टिक टैंक में मिला मानव कंकाल, इलाके में फैली सनसनी
x
छग
बिलासपुर। सिरगिट्टी क्षेत्र के भवानी नगर स्थित निर्माणाधीन मकान के सेप्टिक टैंक में मानव कंकाल मिला है। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंकाल जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस की जांच आगे बढ़ेगी। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाके से लापता लोगों की जानकारी जुटा रही है। सिरगिट्टी आवासपारा में रहने वाले सरोज कुमार साहू(45) भवानी नगर में मकान बनवा रहे हैं। दो साल पहले किसी कारण से उनके मकान का काम बंद हो गया था। इसके बाद से वहां पर वे कम ही जाते थे। कुछ दिन पहले ही उन्होंने फिर से मकान का निर्माण शुरू कराया है। गुरुवार को श्रमिक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक की सफाई कर रहे थे। टैंक के भीतर की रेत निकालते समय श्रमिकों को मानव खोपड़ी दिखाई दी। इस पर श्रमिक डरकर टैंक से बाहर निकल गए। उन्होंने इसकी जानकारी मकान मालिक सरोज कुमार साहू को दी।
इस पर सरोज भी वहां पहुंच गए। उन्होंने मानव कंकाल की जानकारी सिरगिट्टी पुलिस को दी। इस पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में श्रमिक टैंक में उतरे। उन्होंने खोपड़ी बाहर निकाली। इसके बाद रेत की सफाई में मानव शरीर के अलग-अगल हिस्सों की हड्डियां मिलीं। पुलिस ने इसे जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस की जांच आगे बढ़ेगी। फिलहाल पुलिस आसपास के गुम इंसान की जानकारी जुटा रही है। सिरगिट्टी थाना प्रभारी पौरुष पुर्रे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। प्राथमिक जांच में कंकाल किसी पुरुष का होना बताया जा रहा है। जांच से इसकी पुष्टि होगी। वहीं, कंकाल करीब दो साल पुराना बताया जा रहा है। इसके आधार पर पुलिस गुम इंसानों की जानकारी जुटा रही है। कंकाल से उम्र और लिंग का निर्धारण होगा। इसके बाद पुलिस की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, निर्माणाधीन भवन में पहले काम करने वाले श्रमिकों की भी जानकारी जुटाई गई है। अब तक कंकाल के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
Next Story