छत्तीसगढ़
वॉटरफॉल में चीख-पुकार के बीच पल भर में उजड़ गईं खुशियां
jantaserishta.com
21 Jun 2026 9:54 PM IST

x
छत्तीसगढ़.
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: जिले के जनकपुर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध रामदहा वॉटरफॉल में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जलप्रपात में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना कोटाडोल थाना क्षेत्र की है।
बता दें कि मृतक युवक की पहचान पतवाही ग्राम निवासी के रूप में हुई है, जो अपने साथियों के साथ पिकनिक मनाने वॉटरफॉल पहुंचा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
गौरतलब है कि रामदहा वॉटरफॉल में यह कोई पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी यहां डूबने की घटनाओं में एक दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए प्रशासन ने इस क्षेत्र को पहले ही ‘डेंजर जोन’ घोषित कर रखा है। इसके बावजूद पर्यटक चेतावनी बोर्डों की अनदेखी कर जोखिम उठाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार वॉटरफॉल पर आने वाले कई पर्यटक झरने के बेहद करीब जाकर तस्वीरें और सेल्फी लेते हैं। कई बार लोग गहरी खाई और फिसलन भरे किनारों तक पहुंच जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। सुरक्षा नियमों की अनदेखी और लापरवाही के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के समय भी जलप्रपात के आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। युवक के डूबने की खबर मिलते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। बारिश का मौसम शुरू होते ही जलप्रपातों, झीलों और नदियों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ने लगता है। ऐसे में रामदहा वॉटरफॉल जैसे स्थानों पर खतरा कई गुना बढ़ जाता है। फिसलन, तेज बहाव और गहराई का सही अनुमान नहीं लग पाने के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से वॉटरफॉल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और पर्यटकों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में भी ऐसे दर्दनाक हादसे दोहराए जा सकते हैं। मानसून के आगमन के साथ पर्यटन स्थलों पर बढ़ती भीड़ के बीच यह घटना एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सीख दे गई है।
Tagsमनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुररामदहा वॉटरफॉलछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ न्यूज़Manendragarh-Chirmiri-BharatpurRamdaha WaterfallChhattisgarhChhattisgarh News
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





