छत्तीसगढ़
‘कैसे हो दीदी...बताओ कका’, कोरबा कलेक्टर के अपनत्व के 'मरहम' से कइयों को मिली राहत
Shubhra Nandy
24 Nov 2026 11:41 AM IST

x
सुनीं 103 आवेदकों की समस्याएं
कोरबा : सरकारी दफ्तरों में अपनी फरियाद लेकर पहुंचने वाले लोगों के लिए अधिकारियों के दो बोल भी बड़ी राहत का एहसास करा सकते हैं। कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत के जनदर्शन में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। किसी बुजुर्ग से ‘बताओ कका, क्या परेशानी है?’ तो किसी महिला से ‘कैसे हो दीदी?’ कहकर कलेक्टर ने आत्मीयता के साथ उनकी समस्याएं सुनीं। उनके अपनत्व भरे संवाद से फरियादियों की झिझक दूर हुई और मन में समाधान की उम्मीद जगी। दरअसल सोमवार को आयोजित जनदर्शन में पहुंचे 103 आवेदकों की परेशानियों को सुनकर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए।
नौकरी की उम्मीद लेकर पहुंची महिला को बताया स्वरोजगार का रास्ता
जनदर्शन में एक महिला अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर सरकारी नौकरी की उम्मीद से पहुंची थी। कलेक्टर ने उसकी बात ध्यानपूर्वक सुनने के बाद समझाया कि सरकारी नौकरी निर्धारित भर्ती प्रक्रिया और रिक्त पदों के आधार पर ही मिल सकती है। हालांकि, यदि वह अपना रोजगार शुरू करना चाहती है तो प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा सकता है। कलेक्टर ने महिला की रुचि जानने के बाद बकरी पालन, मुर्गी पालन, मछली पालन और स्वसहायता समूह से जुड़कर आजीविका शुरू करने के विकल्प बताए। महिला की सहमति मिलने पर उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों से आत्मीयता के साथ बातचीत
कलेक्टर जनदर्शन में दूरदराज के गांवों से पहुंचने वाले ग्रामीणों से आत्मीयता के साथ बातचीत करते हैं। अपनी समस्या बताने में संकोच करने वाले बुजुर्गों को ‘कका’ और महिलाओं को ‘दीदी’ तथा ‘दाई’ कहकर संबोधित करते हुए उनकी परेशानियों को समझते हैं। इस तरह की बातचीत से आवेदक अपनी झिझक दूर कर न केवल आवेदन में दर्ज समस्या, बल्कि परिवार और गांव की वास्तविक परिस्थितियों से भी प्रशासन को अवगत करा पाते हैं। कलेक्टर व्यक्तिगत समस्याओं के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी भी लेते हैं।
आवास, जमीन और बिजली से जुड़े मामलों की हुई सुनवाई
सोमवार को आयोजित जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, वन अधिकार पट्टा, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, महतारी वंदन योजना, बिजली बिल में सुधार, विद्युत लाइन विस्तार, पट्टा सर्वेक्षण से संबंधित दावा-आपत्तियां, आरबीसी 6-4 के अंतर्गत आर्थिक सहायता और पुल-पुलिया निर्माण से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों के पास भेजकर परीक्षण करने और नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवश्यकतानुसार एसडीएम, तहसीलदार और अन्य विभागीय अधिकारियों से सीधे फोन पर चर्चा भी की।
महतारी वंदन योजना को लेकर महिलाओं को दी जानकारी
जनदर्शन में कुछ महिलाओं ने महतारी वंदन योजना की राशि प्राप्त नहीं होने की समस्या रखी। बातचीत के दौरान पता चला कि वे निर्धारित समय में योजना के लिए आवेदन नहीं कर सकी थीं। कलेक्टर ने उन्हें बताया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित अवधि में आवेदन करना आवश्यक था। शासन की ओर से नए आवेदन स्वीकार करने की प्रक्रिया शुरू होने पर वे आवेदन कर सकेंगी। इसके बाद पात्रता के आधार पर योजना का लाभ मिल सकेगा।
सरकारी जमीन के उपयोग को लेकर समझाए नियम
शासकीय भूमि पर अतिक्रमण और पट्टा प्रदान करने से संबंधित आवेदन भी जनदर्शन में पहुंचे। कलेक्टर ने आवेदकों को बताया कि सरकारी जमीन का उपयोग स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के विकास के लिए भी किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि की वास्तविक स्थिति और संबंधित नियमों का परीक्षण करने के बाद ही ऐसे मामलों में निर्णय लिया जा सकता है। नागरिकों से सार्वजनिक उपयोग के लिए उपलब्ध भूमि के महत्व को समझने का आग्रह भी किया गया।
साइबर ठगी के पीड़ित को सतर्क रहने की सलाह
ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हुआ एक व्यक्ति अपने खाते से निकाली गई रकम वापस दिलाने की मांग लेकर जनदर्शन पहुंचा। कलेक्टर ने उसकी समस्या सुनने के साथ डिजिटल लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि इंटरनेट का नियमित इस्तेमाल करने वाले लोग भी साइबर अपराधियों के झांसे में आ सकते हैं। किसी अपरिचित व्यक्ति से ओटीपी साझा नहीं करने और अनजान लोगों के कहने पर ऑनलाइन भुगतान नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही अन्य लोगों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने को कहा।
धान खरीदी केंद्र के विवाद पर ग्रामीणों को दी समझाइश
ग्राम चचिया में धान उपार्जन केंद्र के स्थान और संचालन को लेकर दो पक्ष अलग-अलग आवेदन लेकर जनदर्शन पहुंचे। कलेक्टर ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद आपसी बातचीत से विवाद सुलझाने की सलाह दी। उन्होंने समझाया कि विवाद के चलते यदि खरीदी केंद्र का संचालन प्रभावित होता है तो इसका नुकसान गांव के किसानों को ही उठाना पड़ेगा। गांव में उपार्जन केंद्र संचालित होने से किसानों को धान बेचने के साथ बीज और ऋण जैसी कृषि सेवाओं तक पहुंचने में भी सुविधा मिल सकती है। उन्होंने ग्रामीणों से सामूहिक हित को ध्यान में रखते हुए सहमति बनाने को कहा।
सरपंचों से बोले कलेक्टर- पहले पुराने निर्माण कार्य पूरे करें
लबेद, बक्साही, अरसिया और रजगामार सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचे सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों ने नए विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए आवेदन दिए। कलेक्टर ने उनसे पूर्व में स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन, स्कूल भवन, सीसी रोड और अन्य निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति पूछी। उन्होंने लंबित निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने तथा उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिन निर्माण कार्यों की प्रगति स्पष्ट नहीं थी, उनकी तस्वीरें मंगवाकर जानकारी देने को कहा। कलेक्टर ने पुराने कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर नए विकास कार्यों की स्वीकृति की बात कही। इस पर सरपंचों ने खुशी जाहिर करते हुए लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने का संकल्प लिया।
सड़क निर्माण से प्रभावित परिवारों के मामलों का होगा परीक्षण
ग्राम तरदा के समीप सड़क निर्माण के कारण वर्षों पुराने मकानों के प्रभावित होने की शिकायत भी ग्रामीणों ने कलेक्टर के सामने रखी। उन्होंने उपलब्ध सैटेलाइट तस्वीरों और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर मकानों एवं निवास की स्थिति का परीक्षण कराने की बात कही।जांच के निष्कर्ष और लागू नियमों के अनुसार मुआवजा, पुनर्वास अथवा अन्य सहायता के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा कुसमुंडा खदान परियोजना से जुड़े भू-विस्थापितों की शिकायतों पर महाप्रबंधक से जानकारी प्राप्त कर पात्र व्यक्तियों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई। जनदर्शन के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर ओमकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story





