छत्तीसगढ़

होटल के ताले टूटे, अब कानून का शिकंजा कसा! दीपक टंडन पर नई FIR, पत्नी हिरासत में

SHIDDHANT
10 Nov 2026 7:49 PM IST
होटल के ताले टूटे, अब कानून का शिकंजा कसा! दीपक टंडन पर नई FIR, पत्नी हिरासत में
x
छत्तीसगढ़
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होटल कारोबारी दीपक टंडन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में एक और FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने बरखा टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला होटल की संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे, नगर निगम की सरकारी सील तोड़ने और जबरन प्रवेश करने से जुड़ा है। आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। शिकायत में दीपक टंडन, उनकी पत्नी बरखा टंडन और अन्य लोगों पर ताला तोड़ने, अश्लील हरकत करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की आठ धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लीज खत्म होने के बाद भी कब्जा नहीं छोड़ने का आरोप
FIR के मुताबिक, सरिता बाजपेयी ने वर्ष 2021 में अपनी संपत्ति होटल और बैंक्वेट हॉल संचालन के लिए दीपक टंडन को लीज पर दी थी। यहां 'होटल बेलाकासा श्री' संचालित किया जा रहा था। शुरुआती लीज अवधि 2024 में समाप्त होने के बाद इसे दो बार 11-11 महीने के लिए बढ़ाया गया। अंतिम लीज अवधि 7 अप्रैल 2026 को खत्म हो गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब एक साल से किराया भी नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा था। प्रॉपर्टी टैक्स बकाया होने के कारण नगर निगम ने 18 अगस्त 2026 को होटल सील कर दिया था।
सरकारी सील तोड़कर होटल में घुसने का आरोप
सरिता बाजपेयी ने आरोप लगाया कि 23 अगस्त को जब वे संपत्ति का कब्जा लेने पहुंचीं, तब दीपक और बरखा टंडन अपने कर्मचारियों के साथ सील तोड़कर अंदर मौजूद थे। शिकायत के बाद निगम ने होटल दोबारा सील किया। इसके बाद 26 अक्टूबर को नगर निगम के जोन-10 कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में सील खोलकर पंचनामा तैयार किया। आरोप है कि 27 अक्टूबर को दंपती और उनके साथियों ने होटल के ताले तोड़कर दोबारा प्रवेश कर लिया।
6 नवंबर को बिलासपुर पुलिस ने किया था गिरफ्तार
इससे पहले 6 नवंबर को बिलासपुर की सिरगिट्टी पुलिस ने दीपक टंडन को AI तकनीक से तस्वीरों में कथित छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग के मामले में गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई मणिशंकर पांडे की शिकायत पर हुई थी। पुलिस ने दो मोबाइल फोन जब्त किए थे। रायपुर पुलिस ने नए मामले में BNS की धारा 126(2), 296, 3(5), 324(4), 329(4), 331(2), 331(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल दोनों मामलों की अलग-अलग जांच जारी है।
Next Story