छत्तीसगढ़
विवाद सुलझाने पहुंचे अस्पताल संचालक पर चाकू से हमला, उप सरपंच समेत तीन गिरफ्तार
Shantanu Roy
7 Oct 2026 9:30 PM IST

x
छग
Mahasamund. महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सिरपुर में आपसी विवाद सुलझाने के दौरान मामला हिंसक हो गया। लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास जेपी अस्पताल के संचालक परमानंद साहू पर धारदार चाकू से हमला कर दिया गया। शिकायत के अनुसार उनकी गर्दन पर तीन बार चाकू से वार किया गया, जबकि जांघ पर भी चोट पहुंचाई गई। मामले में पुलिस ने सिरपुर के उप सरपंच एवं भाजपा नेता राजेश सिंह ठाकुर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक घटना की शुरुआत 6 अक्टूबर की रात हुई। अस्पताल कर्मचारी राकेश साहू खाना खाने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान अंबेडकर चौक के पास हरि ध्रुव ने उसे रोक लिया और अपने साथ चलने के लिए कहा। राकेश के मोटरसाइकिल पर नहीं बैठने पर दोनों के बीच विवाद और गाली-गलौज शुरू हो गई। इसके बाद राकेश ने अस्पताल संचालक परमानंद साहू को फोन कर मौके पर बुलाया।
अस्पताल कर्मचारी टिकेश्वर साहू भी वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों को समझाने के बाद उस समय विवाद शांत हो गया। पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी मिलने पर सिरपुर के उप सरपंच राजेश सिंह ठाकुर ने फोन पर मामले के बारे में पूछा। इसके बाद वह अस्पताल पहुंचा और राकेश साहू तथा टिकेश्वर साहू से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। शिकायत के मुताबिक राजेश ठाकुर ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर विवाद खत्म कराने का प्रयास किया। हरि ध्रुव से माफी मांगकर मामला समाप्त करने की बात कही गई, लेकिन आरोप है कि उसने माफी मांगने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों को अस्पताल के सामने बुलाकर मामला सुलझाने का निर्णय लिया गया। रात करीब 9:30 बजे परमानंद साहू, राकेश साहू और टिकेश्वर साहू लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास पहुंचे। वहां हरि ध्रुव और सुरेश मिरी पहले से मौजूद थे। बातचीत के दौरान एक बार फिर विवाद शुरू हो गया और गाली-गलौज के बाद मारपीट की स्थिति बन गई।
शिकायत के अनुसार इसी दौरान हरि ध्रुव ने परमानंद साहू पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। उनकी गर्दन पर लगातार तीन वार किए गए और जांघ पर भी चाकू से चोट पहुंचाई गई। अचानक हुए हमले से घायल परमानंद अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागने लगे। आरोप है कि हमले के बाद हरि ध्रुव, राजेश सिंह ठाकुर और सुरेश मिरी ने घायल का पीछा किया और उसे धमकी दी। इसी बीच राकेश साहू और टिकेश्वर साहू वहां पहुंचे और परमानंद को आरोपियों से बचाया। इसके बाद घायल को मोटरसाइकिल से सिरपुर चौकी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परमानंद साहू ने तुमगांव थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिरपुर के उप सरपंच एवं भाजपा नेता राजेश सिंह ठाकुर, हरि ध्रुव और सुरेश मिरी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की भूमिका, घटना के क्रम और विवाद के कारणों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





