छत्तीसगढ़
दशहरा कार्यक्रम में खौफनाक हमला, युवक की दांत से काटी नाक
Shantanu Roy
22 Oct 2026 6:38 PM IST

x
छग
Balodabazar. बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में दशहरा कार्यक्रम के दौरान एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमंदी में दो लोगों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे युवक पर एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। आरोपी ने पहले युवक के साथ गाली-गलौज और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद दांत से उसकी नाक का अगला हिस्सा काटकर अलग कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़ित के कान, गाल और हाथ की उंगली को भी काट लिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दशहरा कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना ग्राम कोसमंदी की है। पीड़ित भुनेश्वर वर्मा (35 वर्ष) ने पलारी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि घटना की रात करीब 9 बजे गांव के मंदिर के पास दशहरा कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव के दो लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट होने लगी। विवाद बढ़ता देख भुनेश्वर वर्मा उन्हें समझाने और मामला शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचा।
बीच-बचाव करना युवक को पड़ा भारी
आरोप है कि भुनेश्वर के हस्तक्षेप से नाराज होकर डिगेश्वर साहू (22 वर्ष) ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए युवक पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपी ने अचानक दांत से भुनेश्वर की नाक का अगला हिस्सा काटकर अलग कर दिया। इसके बाद उसके कान, गाल और हाथ की उंगली को भी दांत से काट लिया। इस हमले से पीड़ित को गंभीर और गहरे घाव आए।
पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज
घटना के बाद पीड़ित भुनेश्वर वर्मा ने पलारी थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने डिगेश्वर साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2) और 117(3) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी की तलाश की।
आरोपी डिगेश्वर साहू गिरफ्तार
पलारी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी डिगेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। थाना प्रभारी रागनी राय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
हिंसक घटनाओं पर पुलिस की सख्ती
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और हिंसक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिंसा और मारपीट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले की विवेचना जारी है।
Next Story





