छत्तीसगढ़

घरेलू विवाद में खौफनाक वारदात, दादा और 6 साल के पोते पर पेट्रोल डालकर लगाई आग

Shantanu Roy
2 Oct 2026 11:25 PM IST
घरेलू विवाद में खौफनाक वारदात, दादा और 6 साल के पोते पर पेट्रोल डालकर लगाई आग
x
छग
सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बीच एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपने ससुराल में घुसकर दादा और उसके 6 वर्षीय पोते पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से दोनों करीब 20 प्रतिशत झुलस गए। परिजनों ने किसी तरह आग बुझाकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी दामाद भजन सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक खालापार निवासी भजन सिंह का अपनी पत्नी संगीता के साथ विवाद चल रहा था। दोनों के बीच मारपीट होने के बाद संगीता नाराज होकर अपने मायके चली गई थी। पत्नी के मायके जाने के करीब चार-पांच दिन बाद भी वापस नहीं लौटने पर भजन सिंह उसे लेने के लिए ग्राम रामेश्वरम स्थित अपने ससुराल पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि जब भजन सिंह ससुराल पहुंचा तो उसकी पत्नी वहां नहीं मिली। इसी दौरान उसका अपने साले कल सिंह के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान भजन सिंह ने ससुराल पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके बाद वह वहां से चला गया, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ।
आरोप है कि देर रात भजन सिंह दोबारा अपने ससुराल पहुंच गया। उसने घर में लगी टटरी खोलकर अंदर प्रवेश किया। उस समय घर में 6 वर्षीय सत्यम सिंह अपने दादा जय सिंह के साथ एक ही बिस्तर पर कंबल ओढ़कर सो रहा था। दोनों को इस बात का अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में उनके साथ बड़ी घटना होने वाली है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथ पेट्रोल लेकर पहुंचा था। उसने सो रहे दादा और पोते के ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया और माचिस से आग लगा दी। पेट्रोल के कारण आग तेजी से फैल गई और दोनों उसकी चपेट में आ गए। आग लगते ही घर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक जय सिंह और उनका 6 वर्षीय पोता सत्यम सिंह झुलस चुके थे। परिजनों ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक दादा और पोता करीब 20 प्रतिशत झुलसे हैं। घटना की सूचना रामानुजनगर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी भजन सिंह की तलाश में जुट गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच चल रहा घरेलू विवाद सामने आया है। पत्नी के मायके चले जाने और वापस नहीं लौटने के बाद शुरू हुआ विवाद गंभीर वारदात में बदल गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Next Story