छत्तीसगढ़

दूसरी शादी का खौफनाक अंत, पति ने पत्नी को डम्बल से मारा, पत्नी की मौत

SHIDDHANT
9 Sept 2026 8:32 PM IST
दूसरी शादी का खौफनाक अंत, पति ने पत्नी को डम्बल से मारा, पत्नी की मौत
x
छग
Korba कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पति-पत्नी के बीच नया घर बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद कथित तौर पर हत्या तक पहुंच गया। पाली थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी के सिर पर सीमेंट के डम्बल से हमला कर उसकी हत्या करने का आरोप है। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक घटना पाली थाना क्षेत्र के शांति बस्ती वार्ड नंबर-9 की है। यहां रमेश डोंगरे (40) अपनी पत्नी बंधन कुंवर (39) के साथ रहता था। दोनों की यह दूसरी शादी बताई गई है। शादी के बाद रमेश अपनी पत्नी के घर में ही रह रहा था। दंपती की कोई संतान नहीं थी और दोनों घर में अकेले रहते थे।
बताया जा रहा है कि रमेश नया घर बनाकर वहां रहने की बात कर रहा था, जबकि उसकी पत्नी बंधन कुंवर इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच पहले से बातचीत और विवाद होता था। बुधवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच दोनों के बीच एक बार फिर नया घर बनाने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बहस बढ़ने के बाद रमेश गुस्से में आ गया और उसने घर में रखे सीमेंट के डम्बल से बंधन कुंवर के सिर पर हमला कर दिया।
हमला गंभीर होने के कारण महिला बुरी तरह घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी की और मामले से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार दोनों की दूसरी शादी थी। रमेश ने पहली पत्नी से अलग होने के बाद बंधन कुंवर से शादी की थी, जबकि बंधन कुंवर की भी यह दूसरी शादी बताई गई है। पुलिस ने मामले में आरोपी रमेश डोंगरे को गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
Next Story