छत्तीसगढ़

नेहरू नगर चौक पर भयानक हादसा, ट्रक की ठोकर से स्कूटी सवार की मौत

Nil dhankar
23 July 2022 11:34 AM IST
नेहरू नगर चौक पर भयानक हादसा, ट्रक की ठोकर से स्कूटी सवार की मौत
x

भिलाई। नेहरू नगर चौक पर स्कूटी सवार दो लोग सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में स्कूटी चालक तो बाल-बाल बच गया। लेकिन, पीछे बैठे व्यक्ति की मौत हो गई।हादसा इतना भयानक था कि मृतक के शरीर के बीच से दो टुकड़े हो गए। घटना के समय चौक पर तैनात यातायात पुलिस के जवानों ने शव को चीरघर भिजवाया। सुपेला पुलिस ने आरोपित ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बोरसी निवासी कल्याण साहू (50) के रूप में की गई है। वो अपने साथी ग्राम मातरोडीह उतई निवासी कमल नारायण यादव उर्फ के साथ स्कूटी से नेहरू नगर अंडरब्रिज से होकर चौक पार कर रहा था। स्कूटी को कमल नारायण यादव चला रहा था और कल्याण साहू पीछे बैठा हुआ था। तभी एक ट्रक क्रमांक एमपी-04 एचई 4452 ने उसे चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को जानकारी दी जिस समय ये हादसा हुआ। उस समय दुर्ग से रायपुर जाने वाली दिशा में यातायात का काफी दबाव था। यातायात पुलिस के सभी जवान वाहनों को निकलवाने में लगे थे।

इसी दौरान स्कूटी चालक कमल नारायण यादव ने लापरवाही पूर्वक चौक पार करने की कोशिश की और हादसे का शिकार हो गया। घटना में चालक तो बच गया। लेकिन, पीछे बैठा कल्याण साहू ट्रक के नीचे आ गया। ट्रक के पिछले चक्के के नीचे आने से उसके शरीर के बीच से दो टुकड़े हो गए। यातायात पुलिस ने ही हाईवे पेट्रोलिंग की मदद से शव को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के चीरघर भिजवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारु किया। मृतक और चालक कमल नारायण यादव फेब्रीकेशन का काम करते थे।

Next Story