छत्तीसगढ़

चोरी छिपे चल रहा हुक्का बार, ग्राहक बनकर पुलिस दे रही दबिश...

Nilmani Pal
8 Nov 2021 5:16 AM GMT
चोरी छिपे चल रहा हुक्का बार, ग्राहक बनकर पुलिस दे रही दबिश...
x

समता कालोनी में मेगी प्वाइंट की आड़ में चल रहा था सेंटर

जसेरि रिपोर्टर

रायपुर। समता कालोनी और तेलीबांधा में रविवार को पुलिस की छापेमारी में हुक्के के दो अड्डों का खुलासा हुआ। चोरी-छिपे मेगी प्वाइंट की आड़ में हुक्का बार चलाया जा रहा था। समता कालोनी में तो थानेदार खुद ग्राहक बनकर पहुंच गए। सिविल ड्रेस में पहुंचे थानेदार को हुक्का बार के स्टाफ ने नहीं पहचाना और उन्हें भी हुक्के का पॉट थमा दिया। हुक्के और फ्लेवर जब्त करने के साथ बार संचालक को गिरफ्तार किया गया। तेलीबांधा में भी हुक्के के साथ तंबाकू के अलग-अलग फ्लेवर जब्त किए गए। आजाद चौक थाने की पुलिस को कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि समता कॉलोनी में स्थित चितवन कैफे में हुक्का बार चलाया जा रहा है। पुलिस ने दो बार छापे का प्रयास किया लेकिन कैफे में हुक्का पीते पिलाते कोई नहीं मिला। इस वजह से वहां कार्रवाई नहीं की जा सकी। पुलिस के अफसर भी हैरान थे कि आखिर वहां हुक्का कहां पिलाया जा रहा है। क्लू को नए सिरे से टटोलने के बाद थानेदार रवि तिवारी रविवार दोपहर करीब ढाई बजे सादे लिबास में वहां पहुंचे। कैफे में दाखिल होने के बाद वे सीधे भीतर बने कमरे से प्रथम तल में पहुंच गए। वहां उन्होंने स्टाफ से हुक्का मांगा तो उसने फ्लेवर पूछा और पॉट उन्हें थमा दिया। वहीं बाजू वाले कमरे में चार-पांच लोग हुक्का पीते मिले। उन्होंने तुरंत फोर्स बुलायी और वहां छापेमारी की। कैफे से हुक्का बार संचालक अभिषेक मोटवानी के साथ शुभम यादव, सृजन शर्मा, सौरभ जैन, सम्यक जैन और देव धनवानी को गिरफ्तार कर लिया गया। तेलीबांधा पुलिस ने ऑक्टोपस बार के बाजू डी डे कैफे में दबिश देकर हुक्का सामग्री जब्त की। कैफे का संचालक अपने परिचितों को पुल गेम खेलने के नाम से बुलाकर हुक्का परोस रहा था। कैफे से 5 हुक्का पॉट, जर्दा युक्त रॉ मटेरियल, इलेक्ट्रॉनिक सिगड़ी और कई सामान जब्त किए गए। कैफे के संचालक रित्विज उपाध्याय को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इन सभी के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। तेलीबांधा थाने की टीम ने हुक्का बार परोसते हुए एक कैफे के मालिक को पकड़ा है। दिवाली की छुट्टियों के बीच आरोपी युवकों को हुक्का परोस रहा था। पुलिस ने छापा मारकर इसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार हुए हुक्का कैफे मालिक का नाम श्याम कुमार है। मेग्नेटो मॉल के पास इसका हाई वे हार्ट के नाम से कैफे है। तेलीबांधा थाने की पुलिस को खबर मिली थी कि श्याम कुमार अपने कैफे में आए लड़कों को हुक्का परोस रहा है। पुलिस ने छापा मारा तो हुक्का पीने आए लड़के भाग निकले। इसके बाद छापा मारने गई टीम ने श्याम कुमार को दबोच लिया। इसके पास से 5 हुक्का पॉट ,जर्दा युक्त रॉ मटेरीयल वगैरह मिला है।

ढाबे की आड़ में परोस रहा था नशा, शराब, हुक्का पॉट और नशीले पदार्थ बरामद

राजधानी के तेलीबांधा स्थित करारा ढाबा में पुलिस ने दबिश दी है. ढाबा से बड़ी संख्या में शराब, हुक्का पॉट और नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं. ढाबा की आड़ में नशे का कारोबार संचालित हो रहा था. ढाबा संचालक सन्नी फरार मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी हो रही है. तेलीबांधा थाना क्षेत्र का मामला है. जानकारी के मुताबिक तेलीबांधा इलाके के करारा ढाबा में पुलिस ने दबिश दी है. पुलिस की मौके से बड़ी संख्या में शराब की बोतलें, हुक्का पॉट और अन्य नशीले पदार्थ जब्त किया गया है। सूत्रों के मुताबिक ढाबा संचालक सन्नी मौके से फरार हो गया है. तेलीबांधा पुलिस ढाबा के मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है।

सीएम के निर्देश के बाद हुक्काबारों पर कार्रवाई

पूरे प्रदेश में हुक्का बार बैन कर दिए गए हैं। मगर रायपुर में हर दिन पुलिस की कार्रवाई में हुक्का बार खुले मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खुद इसके निर्देश दिए थे। पुलिस ने कई जगहों पर कार्रवाई भी की, मगर हुक्का बार चलाने वाले बाज नहीं आ रहे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि प्रदेश में पूरी तरह से हुक्का बार को प्रतिबंधित किया जाए। उन्होंने गांजे की एक पत्ती भी छत्तीसगढ़ में न आ सके ये कहते हुए पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद से हर जिले में पुलिस हुक्के और गांजे के खिलाफ एक्शन में है। हालांकि रायपुर में हुक्का पूरी तरह से बंद नहीं हो सका है। अब भी वीआईपी रोड इलाके के कई बार हुक्का परोस रहे हैं। पुलिस ने सिर्फ कुछ चुनिंदा हुक्का बार में ही कार्रवाई की है।

Next Story